व्हाइट कोट पहनाकर नए बीडीएस विद्यार्थियों का स्वागत
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। गीतांजली यूनिवर्सिटी के गीतांजली डेंटल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट में बीडीएस प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत में 13वें यूजी ओरिएंटेशन कार्यक्रम ‘सृजन–2026’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को दंत चिकित्सा शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराया गया।
कार्यक्रम का आयोजन गीतांजली ग्रुप के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अंकित अग्रवाल के मार्गदर्शन में हुआ। इस अवसर पर कुलपति डॉ. आर.के. व्यास, रजिस्ट्रार डॉ. अरविंद कुमार यादव, प्राचार्य डॉ. बालाजी मनोहर, अतिरिक्त प्राचार्य डॉ. नमित नागर सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।
दीप प्रज्ज्वलन एवं मंगलाचरण से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। प्राचार्य डॉ. बालाजी मनोहर ने विद्यार्थियों को संस्थान के नियमों, अनुशासन और एंटी-रैगिंग नीति की जानकारी दी। कुलपति ने सुरक्षित शैक्षणिक वातावरण और मेंटर-मेंटी कार्यक्रम के महत्व पर प्रकाश डाला।
समारोह का मुख्य आकर्षण व्हाइट कोट सेरेमनी रही, जिसमें नवप्रवेशित बीडीएस विद्यार्थियों को सफेद कोट पहनाकर उनकी चिकित्सकीय यात्रा का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने रंगारंग नृत्य और गायन प्रस्तुतियां दीं। क्षेत्रीय लोकनृत्यों ने सांस्कृतिक विविधता का संदेश दिया। आयोजन का समन्वय डॉ. डेविन अर्नोल्ड एवं डॉ. अशप्रीत कौर ने किया।

