Site icon AR Live News

एसीबी के शिकंजे में थानाधिकारी सहित तीन पुलिसकर्मी: ऋषभदेव थाना पुलिस पर एक्सटॉर्शन, अवैध हिरासत और रिश्वत के आरोप

udaipur-acb-Rishabhdeo-police-station-sho-bribery-case

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर जिले के ऋषभदेव थाने के थानाधिकारी सहित तीन पुलिसकर्मियों पर तीन युवकों को अवैध हिरासत में रखकर मारपीट कर एक्सटॉर्शन करने, रिश्वत की मांग और पद के दुरूपयोग जैसे संगीन आरोपों के मामले का खुलासा हुआ है। उदयपुर भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की स्पेशल यूनिट की टीम ने थानाधिकारी हेमंत अहारी, एएसआई रणजीत हड़ात, कांस्टेबल कैलाश चंद्र मीणा सहित अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ रिपोर्ट बनाकर एफआईआर दर्ज होने एसीबी मुख्यालय, जयपुर भेजी है। एसीबी की यह कार्रवाई एसीबी एडि.एसपी राजीव जोशी के नेतृत्व में उनकी टीम ने की है।

मामले में सबसे गंभीर आरोप थानाधिकारी हेमंत अहारी पर लगे हैं। सूत्रों के अनुसार 22 नवंबर को एसीबी परिवादी रिश्वत मांग के सत्यापन के लिए बातचीत रिकॉर्ड करने के लिए डिजिटल और मिनी वॉयस रिकॉर्डर लेकर थाने पहुंचा था। बातचीत के दौरान थानाधिकारी हेमंत ने एसीबी परिवादी की तलाशी ली तो उसके पास वॉइस रिकॉर्डर मिले। थानाधिकारी ने रिकॉर्डर परिवादी से छीन लिया। आरोप है कि इसके बाद थानाधिकारी, एएसआई रणजीत, कांस्टेबल कैलाश और अन्य पुलिसकर्मियों ने परिवादी तथा आशीष और लोकेश के साथ मारपीट की।

परिवादी से प्राप्त जानकारी के अनुसार बीती रात पुलिस से छूटने के बाद वह और उसके साथी चोटिल हालत में ही एसीबी के पास पहुंचे। जिसके बाद देर रात एसीबी टीम ने थाने पर दबिश दी। एसीबी टीम ने परिवादी से छीना गया रिकॉर्डर और मेमोरी कार्ड थानाधिकारी के सरकारी आवास, कार और थाने के स्वागत कक्ष से बरामद किए हैं। एसीबी ने जब उस कैमरे और मैमोरी कार्ड की जांच की तो रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई है।

सूत्रों के अनुसार थानाधिकारी के परिवादी से वॉइस रिकॉर्डर छीनने के बाद वह गलती से चालू ही रह गया। उस वॉइस रिकॉर्डर में चार घंटे रिकॉर्डिंग चलती रही। एसीबी द्वारा बरामद किया गया यह वॉइस रिकॉर्डर अब थाने के कई राज खोलेगा।

22 नवंबर को परिवादी ने उदयपुर एसीबी स्पेशल यूनिट को शिकायत दी थी। जिसमें बताया था कि उसके परिचित आशीष और लोकेश पहाड़ा थाना क्षेत्र के हर्षावाड़ा में शराब की दुकान के सेल्समैन हैं। दोनों दुकान पर जा रहे थे, तभी ऋषभदेव पुलिया से पहले गवरी तिराहे पर चल रही पुलिस नाकेबंदी में पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका और जबरन उनकी कार सहित उन्हें थाने ले गए।

थाने पर पुलिसकर्मियों ने दोनों युवक आशीष और लोकेश से उनके खिलाफ मुकदमा नहीं बनाने और कार छोड़ने की एवज में दो लाख रूपए की रिश्वत मांगी। दोनों युवकों ने परिचित (एसीबी के परिवादी) से मदद मांगी। परिवादी और दोनों युवकों के काफी निवेदन करने पर कांस्टेबल 80 हजार रूपए में दोनों युवकों और कार छोड़ने के लिए तैयार हो गया। पुलिसकर्मी यह रिश्वत राशि थानाधिकारी के नाम पर मांग रहे थे। परिवादी ने एसीबी में शिकायत की, एसीबी ने वॉइस रिकॉर्डर और मिनी रिकॉर्डर के साथ परिवादी को रिश्वत राशि के साथ थाने भेजा।

परिवादी थाने पर पहुंचा, तो उसे अन्य पुलिसकर्मियों के साथ थानाधिकारी हेमंत अहारी भी मिल गए। बातचीत के दौरान कुछ संदेह होने पर थानाधिकारी ने एसीबी के परिवादी की तलाशी ली तो उन्हें उसके पास वॉइस रिकॉर्डर मिले।
वॉइस रिकॉर्डर देख थानाधिकारी के होश उड़ गए। परिवादी ने बताया कि थानाधिकारी व अन्य पुलिसकर्मियों ने वॉइस रिकॉर्डर एवं मिनी रिकॉर्डर छीनकर हमारे साथ मारपीट की और इसके बाद मुझे, आशीष और लोकेश को थाने से छोड़ दिया।

थाने से छूट तीनों युवक एसीबी के पास पहुंचे। एसीबी अधिकारी मय टीम देर रात ऋषभदेव थाने पहुंचे। इतनी रात एसीबी टीम को देख सभी के होश उड़ गए। एसीबी टीम ने थानाधिकारी से पूछताछ की तो उसने वॉइस रिकॉर्ड, मैमोरी कार्ड और मिनी रिकॉर्डर उसके सरकारी आवास, कार और थाना परिसर में होना बताया। इस पर एसीबी टीम ने उक्त रिकॉर्डर थानाधिकारी की निशानदेही पर बरामद किए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार एसीबी ने जब आशीष और लोकेश की हिरासत संबंधी दस्तावेज देखने चाहे तो थानाधिकारी व अन्य सहयोगी पुलिसकर्मी वह प्रस्तुत नहीं कर सके। जांच करने पर पाया गया कि थाने में आशीष, लोकेश को हिरासत में रखने और उनकी कार थाने लाने के संबंध में थाने के रिकॉर्ड और रोज़नामचा आम में कोई प्रविष्टि नहीं थी। पुलिसकर्मियों ने उनका एक्सटॉर्शन के लिए अवैध हिरासत में रखा हुआ था।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version