Site icon AR Live News

चेतक मॉल के बाहर निगम ने चलाए बुलडोजर, पार्किंग की जमीन से हटाया अवैध कब्जा

Udaipur nagar nigam remove illegal construction near Chetak Mall parking

उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। उदयपुर शहर में सार्वजनिक और पार्किंग के लिए आरक्षित जमीनों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। निगम की टीम ने शहर में दो स्थानों पर बुलडोजर चलाकर अवैध निर्माण और कब्जे हटाने की कार्रवाई की। पहली कार्रवाई शहर के व्यस्त चेतक मॉल के बाहर पार्किंग के लिए आरक्षित जमीन पर की गई, जहां लंबे समय से पक्का चबूतरा और दीवार बनाकर जमीन पर कब्जा किया गया था। दूसरी कार्रवाई सिटी रेलवे स्टेशन से उदियापोल चौराहे की ओर जाने वाली सड़क के किनारे सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए की गई।

नगर निगम के अनुसार, चेतक मॉल के बाहर पार्किंग के लिए आरक्षित जमीन पर मॉल संचालक की ओर से करीब 80 फीट लंबा और 10 फीट चौड़ा पक्का चबूतरा और दीवार बना दी गई थी। इसके कारण पार्किंग के लिए निर्धारित जमीन का उपयोग नहीं हो पा रहा था। मॉल की दुकानों पर आने वाले ग्राहकों के वाहन सड़क पर खड़े किए जा रहे थे। इससे क्षेत्र में यातायात बाधित होने के साथ ही रोजाना जाम की स्थिति बन रही थी। इस अतिक्रमण को हटाने के लिए गुरुवार को नगर निगम ने बुलडोजर से कार्रवाई शुरू की।

जनहित में मेयर पारस सिंघवी के निर्देश पर राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर के नेतृत्व में नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बुलडोजर की सहायता से पार्किंग की जमीन पर बने अवैध चबूतरे और दीवार को ध्वस्त करना शुरू किया। गुरुवार को निर्माण का काफी हिस्सा हटाया गया। शेष हिस्से को शुक्रवार सुबह ब्रेकर मशीन लगाकर ध्वस्त करने की कार्रवाई की जाएगी। | Udaipur nagar nigam Remove Encroachments Near Chetak Mall

नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने पूर्व में मॉल संचालक को नोटिस जारी कर पार्किंग की जमीन पर बने चबूतरे और दीवार को स्वयं हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद मॉल संचालक ने अतिक्रमण नहीं हटाया। चेतक मॉल के बाहर पार्किंग की जमीन खाली होने से वाहनों की पार्किंग के लिए जगह उपलब्ध होने और सड़क पर लगने वाले जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।


नगर निगम की दूसरी कार्रवाई सिटी रेलवे स्टेशन से उदियापोल चौराहे की ओर जाने वाली सड़क के किनारे स्थित सरकारी जमीन पर की गई। महापौर पारस सिंघवी ने बताया कि यहां एक बड़े सरकारी भूखंड पर लंबे समय से कुछ असामाजिक तत्वों ने अवैध कब्जा कर कच्चे और पक्के निर्माण कर रखे थे।

निगम की ओर से अतिक्रमण हटाने की चेतावनी देने के बावजूद कब्जाधारियों ने निर्माण नहीं हटाया। इसके बाद गुरुवार को निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई की।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version