Site icon AR Live News

उदयपुर: चोरों का रील शौक! किराए पर लग्जरी कारें लेकर बनाते थे वीडियो, 100 ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी करने वाली गैंग गिरफ्तार

Udaipur Bhinder Transformer Oil Theft Gang

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। लग्जरी गाड़ियों में रील बनाकर सोशल मीडिया पर रौब दिखाने और महंगे शौक पूरे करने के लिए सरकारी संपत्ति को निशाना बनाने वाले गिरोह का उदयपुर जिले की भीण्डर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी का 300 लीटर ट्रांसफार्मर तेल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अब तक 100 से अधिक सरकारी बिजली ट्रांसफार्मरों से तेल चोरी कर चुके हैं। | Udaipur Bhinder Transformer Oil Theft Gang

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि आरोपी किराए की लग्जरी कारों से रात में वारदात करने पहुंचते थे। वे ड्रिल मशीन से ट्रांसफार्मरों में छेद कर तेल निकालते थे। गिरोह दो टीमों में काम करता था। एक टीम तेल निकालती, जबकि दूसरी टीम पिकअप वाहन से तेल एकत्र कर ले जाती थी। इस तरह एक ही रात में कई ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाया जाता था।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी का तेल बेचकर मिलने वाली रकम को वे लग्जरी कारों को किराए पर लेने, महंगे शौक, और खाने-पीने में खर्च कर देते थे।

थानाधिकारी मुकेशचन्द्र के अनुसार गिरोह के कपासन चित्तौड़गढ़ निवासी लोकेश पुत्र शंकरलाल, भदेसर निवासी कानसिंह पुत्र इन्द्रसिंह, भीण्डर के बड़गांव निवासी भावेश उर्फ गोटा पुत्र भगवानलाल, गाडरियावास निवासी विनोद पुत्र देवीलाल, वाना खेरोदा निवासी कमलेश कुमार पुत्र प्रभुलाल को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का 300 लीटर ट्रांसफार्मर तेल बरामद किया है।

यह कार्रवाई भिण्डर थानाधिकारी मुकेशचन्द्र के नेतृत्व में एएसआई हिम्मत सिंह, हेडकांस्टेबल अनिल कुमार, राजेश कुमार, खुशीराम, कांस्टेबल रोहित, निखिल, महिपाल और मोहम्मद ईसुब ने की है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version