Site icon AR Live News

एक किडनी और जन्मजात विकृति की चुनौती, गीतांजलि हॉस्पिटल में 18 वर्षीय युवती की सफल सर्जरी

Geetanjali Hospital Udaipur

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, उदयपुर में चिकित्सकों ने आधुनिक लेप्रोस्कोपिक तकनीक से 18 वर्षीय युवती की दुर्लभ जन्मजात बीमारी का सफल ऑपरेशन कर योनि का पुनर्निर्माण किया। युवती जन्म से ही योनि के अविकसित होने की समस्या से पीड़ित थी। जांच में उसे MRKH सिंड्रोम (मेयर-रोकिटांस्की-कुस्टर-हाउजर सिंड्रोम) से ग्रसित पाया गया। | Geetanjali Hospital Udaipur

इस मामले में सर्जरी की चुनौती इसलिए भी अधिक थी, क्योंकि युवती के शरीर में जन्म से केवल एक ही किडनी थी। ऐसे में ऑपरेशन से पहले विशेष जांच और सावधानी के साथ सर्जरी की योजना बनाई गई।

गीतांजलि हॉस्पिटल के स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग की प्रोफेसर डॉ. अनुपमा हाड़ा ने आधुनिक लेप्रोस्कोपिक डेविडोव वैजिनोप्लास्टी तकनीक से सफलतापूर्वक योनि का पुनर्निर्माण किया। इस तकनीक में शरीर की आंतरिक झिल्ली (पेरिटोनियम) का उपयोग कर नई योनि नलिका बनाई जाती है। इसमें बड़े चीरे की आवश्यकता नहीं होती और मरीज को कम दर्द तथा अपेक्षाकृत जल्दी रिकवरी का लाभ मिल सकता है।

डॉ. अनुपमा हाड़ा ने बताया कि MRKH एक दुर्लभ जन्मजात स्थिति है, जिसका पता अक्सर किशोरावस्था में मासिक धर्म शुरू नहीं होने पर चलता है। कुछ मामलों में इसके साथ किडनी संबंधी विकृतियां भी हो सकती हैं।

इस सफल सर्जरी से जन्मजात स्त्री रोग संबंधी जटिलताओं से जूझ रही युवतियों के लिए आधुनिक उपचार की संभावनाएं सामने आई हैं।

Exit mobile version