Site icon AR Live News

पर्यटक की पिस्टल और 20 कारतूस चोरी करने वाला टैक्सी चालक गिरफ्तार

udaipur-tourist-pistol-ammunition-theft-taxi-driver-arrested

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। हरियाणा से उदयपुर घूमने आए पर्यटक की कार से लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस चोरी करने के मामले में सूरजपोल थाना पुलिस ने आरोपी टैक्सी चालक को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने होटल की पार्किंग में कार को साइड में लगाने के बहाने चाबी ली और डैशबोर्ड में रखे हथियार व कारतूस चोरी कर फरार हो गया था। पुलिस ने 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपी को बलीचा क्षेत्र से गिरफ्तार किया। | Udaipur Tourist Pistol Theft

सूरजपोल थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह ने बताया कि पर्यटक की कार से पिस्टल और कारतूस चोरी के आरोप में उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी जयप्रताप सिंह पुत्र मनोज सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी पेशे से टैक्सी चालक है।

पुलिस के अनुसार, सोनीपत (हरियाणा) निवासी ओमप्रकाश चौधरी पुत्र भीमसिंह चौधरी उदयपुर घूमने आए थे। वे भटियानी चौहट्टा स्थित होटल में ठहरे हुए थे। इसी दौरान होटल पार्किंग में खड़ी उनकी कार के डैशबोर्ड से लाइसेंसी पिस्टल, दो मैगजीन और 20 जिंदा कारतूस चोरी हो गए।

पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों से मिली फुटेज के जरिए आरोपी को चिह्नित किया और अन्य गाइड एवं टैक्सी चालकों से पूछताछ कर आरोपी के बारे में जानकारी जुटायी और धरदबोचा।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 12 नवंबर को वह गुजरात के सूरत से पर्यटकों को लेकर उदयपुर आया था। इसी दौरान होटल की पार्किंग में पर्यटक की कार को साइड में लगाने के बहाने चाबी ली और डैशबोर्ड में रखी पिस्टल, दो मैगजीन और 20 कारतूस चोरी कर फरार हो गया था।

कार्रवाई में सूरजपोल थानाधिकारी कमलेन्द्र सिंह के नेतृत्व में एएसआई चन्द्रभान सिंह, एएसआई शरीफ खान, कांस्टेबल भावेश गुर्जर और कांस्टेबल कृष्णपाल सिंह शामिल रहे।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version