Site icon AR Live News

गीतांजलि हॉस्पिटल में दो बुजुर्गों की पैंक्रियाज कैंसर की सफल सर्जरी

udaipur-geetanjali-hospital-pancreatic-cancer-whipple-surgery-two-elderly-patients

डॉ. हेमंत जैन की टीम ने की जटिल व्हिपल सर्जरी

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। बढ़ती उम्र को चिकित्सा उपचार में बाधा नहीं बनने देते हुए गीतांजलि हॉस्पिटल, उदयपुर में 80 वर्ष से अधिक उम्र के पैंक्रियाज (अग्न्याशय) कैंसर से पीड़ित दो बुजुर्ग मरीजों की जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। गैस्ट्रो सर्जरी विभाग के वरिष्ठ गैस्ट्रो एवं पैंक्रियाज सर्जन डॉ. हेमंत जैन और उनकी टीम ने यह चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन किया। इसमें एनेस्थीसिया विशेषज्ञ डॉ. अनुश जैन की टीम का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा। | Pancreatic Cancer Surgery in Udaipur

दोनों मरीज पैंक्रियाज कैंसर के साथ गंभीर पीलिया और पेट दर्द से पीड़ित थे। अधिक उम्र और बीमारी की जटिलता को देखते हुए विस्तृत जांच एवं शारीरिक क्षमता का मूल्यांकन किया गया। इसके बाद आधुनिक तकनीक और बेहतर एनेस्थीसिया प्रबंधन के साथ दोनों की सर्जरी सफल रही।

डॉ. हेमंत जैन के अनुसार, यह ऑपरेशन व्हिपल प्रक्रिया (Whipple Procedure) कहलाता है, जिसे गैस्ट्रो और कैंसर सर्जरी की सबसे जटिल प्रक्रियाओं में गिना जाता है। इसमें पैंक्रियाज के प्रभावित हिस्से के साथ पित्त की नली और छोटी आंत के कुछ हिस्सों को हटाकर पाचन तंत्र का पुनर्निर्माण किया जाता है। इसमें अनुभवी सर्जिकल टीम और आधुनिक ICU सुविधाओं की आवश्यकता होती है।

डॉ. जैन ने बताया कि 80 वर्ष से अधिक उम्र होने पर भी उचित जांच और मरीज की शारीरिक स्थिति के आधार पर बड़ी सर्जरी संभव है। हृदय, फेफड़ों की कार्यक्षमता और अन्य बीमारियों का मूल्यांकन कर सही निर्णय लेना जरूरी है।

गीतांजलि हॉस्पिटल में इस उपलब्धि से दक्षिणी राजस्थान के मरीजों को राहत मिलेगी। पैंक्रियाज, लिवर और पाचन तंत्र के जटिल कैंसर के उपचार के लिए अब मरीजों को बड़े शहरों के विशेष केंद्रों पर निर्भरता कम हो सकेगी।

Exit mobile version