Site icon AR Live News

फर्जी MBBS डिग्री से बना डॉक्टर, RMC में पंजीयन भी करा लिया: अब जांच में पकड़ा गया

rajasthan-medical-council-fake-mbbs-degree-registration-cancelled-sandeep-chaudhary

जयपुर,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने फर्जी एमबीबीएस डिग्री के आधार पर मेडिकल रजिस्ट्रेशन कराने के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। काउंसिल ने नागौर निवासी संदीप चौधरी पुत्र नवीन चौधरी का पंजीयन तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है। विश्वविद्यालय और हरियाणा मेडिकल काउंसिल से कराए गए सत्यापन में उनकी एमबीबीएस डिग्री और संबंधित दस्तावेज फर्जी पाए गए। | Fake MBBS Degree | Sandeep Chaudhary

राजस्थान मेडिकल काउंसिल के रजिस्ट्रार डॉ. गिरधर गोयल के अनुसार, संदीप चौधरी का 1 मार्च 2023 को आरएमसी-60417 क्रमांक से पंजीयन किया गया था। पंजीयन के लिए उन्होंने पंडित बी.डी. शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक से एमबीबीएस उत्तीर्ण होने के दस्तावेज प्रस्तुत किए थे।

विश्वविद्यालय ने डिग्री जारी करने से किया इनकार

दस्तावेजों के सत्यापन में संदेह होने पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने 3 अगस्त और 24 अगस्त 2026 को विश्वविद्यालय तथा हरियाणा मेडिकल काउंसिल से जानकारी मांगी। जांच में पंडित बी.डी. शर्मा स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय, रोहतक ने स्पष्ट किया कि संदीप चौधरी के नाम से एमबीबीएस की योग्यता विश्वविद्यालय में पंजीकृत नहीं है और न ही उनके नाम से कोई डिग्री जारी की गई है।

वहीं, हरियाणा मेडिकल काउंसिल, पंचकूला ने भी पुष्टि की कि संदीप चौधरी को उसकी ओर से कोई एनओसी जारी नहीं की गई थी और प्रस्तुत दस्तावेज फर्जी हैं।

दोनों संस्थानों से प्राप्त सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर राजस्थान मेडिकल काउंसिल ने संदीप चौधरी का पंजीयन क्रमांक आरएमसी-60417 तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version