Site icon AR Live News

राजस्थान में 80 हजार करोड़ का निवेश करेगा हिंदुस्तान जिंक, 2 लाख से अधिक रोजगार के अवसर

hindustan-zinc-80000-crore-investment-rajasthan-2-lakh-jobs

जिंक उत्पादन क्षमता बढ़कर 20 लाख टन और चांदी उत्पादन 1,500 टन सालाना होगा, राज्य को हर वर्ष करीब 12 हजार करोड़ के राजस्व की उम्मीद

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान के खनन और औद्योगिक क्षेत्र को बड़ी मजबूती मिलने जा रही है। वेदांता समूह की कंपनी हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड के निदेशक मंडल ने राजस्थान में 80,000 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी है। कंपनी अगले 3 से 5 वर्षों में जिंक उत्पादन क्षमता बढ़ाकर 20 लाख टन और चांदी उत्पादन क्षमता 1,500 टन प्रतिवर्ष करने की योजना पर काम करेगी। | Hindustan Zinc 80000 Crore Investment Rajasthan

कंपनी के अनुसार, इस विस्तार से राजस्थान को हर वर्ष लगभग 12,000 करोड़ रुपये के राजस्व की संभावना है। वहीं 2 लाख से अधिक प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे। इसके अलावा 500 से अधिक एमएसएमई इकाइयों के विकास को बढ़ावा मिलेगा।

विस्तार के बाद हिंदुस्तान जिंक की जिंक उत्पादन क्षमता वैश्विक मांग का करीब 15 प्रतिशत पूरा करने में सक्षम होगी। कंपनी का लक्ष्य दुनिया की सबसे बड़ी जिंक और चांदी उत्पादक कंपनी बनना है। योजना में नए स्मेल्टर, सिल्वर रिफाइनरी और माइंस एवं मिलों का विस्तार शामिल है।

कंपनी राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में जिंक इंडस्ट्रियल पार्क विकसित कर रही है। इससे बड़े उद्योगों, एमएसएमई और नए उद्यमियों को अवसर मिलेंगे।

कंपनी के सीईओ अमरेंदु प्रकाश के अनुसार, हिंदुस्तान जिंक 2.0 योजना से रोजगार, स्थानीय कारोबार और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी। इस निवेश से राजस्थान को वैश्विक धातु उद्योग के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Exit mobile version