बंगाल की खाड़ी में चक्रवात तेज होने का अलर्ट
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। राजस्थान में मौसम के मिजाज में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। कहीं हल्की बारिश हो रही है तो कहीं तापमान में उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है। पिछले 24 घंटों के दौरान डीडवाना में हल्की बारिश हुई, जबकि उदयपुर में रात के तापमान में 4.6 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम में बदलाव का दौर जारी है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में बना गहरा अवदाब तेजी से चक्रवाती तूफान का रूप लेने की ओर बढ़ रहा है। | Rajasthan Udaipur Temperature
उदयपुर में न्यूनतम तापमान 18.8 डिग्री पहुंचा
मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटों में राजस्थान में सबसे कम न्यूनतम तापमान फतेहपुर में 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उदयपुर में न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री से बढ़कर 18.8 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। इस तरह एक ही दिन में रात के तापमान में 4.6 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। | Rajasthan Udaipur Temperature
उदयपुर का न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया। वहीं, पर्यटन स्थल माउंट आबू में न्यूनतम तापमान 12.3 डिग्री सेल्सियस रहा। दूसरी ओर, डीडवाना में हल्की बारिश दर्ज की गई।
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान बनने की संभावना
बंगाल की खाड़ी में मौसम प्रणाली तेजी से सक्रिय हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा अवदाब पिछले छह घंटों में 8 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ा।
16 नवंबर 2026 को भारतीय समयानुसार सुबह 5:30 बजे यह इसी क्षेत्र में केंद्रित था। इसके 16 नवंबर की शाम तक आगे बढ़ते हुए दक्षिणी एवं उससे सटे मध्य-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान (Cyclonic Storm) में तब्दील होने की प्रबल संभावना है।
17 नवंबर को गंभीर और 19 नवंबर को अति गंभीर चक्रवात का अनुमान
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 नवंबर की शाम तक यह सिस्टम मध्य-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर गंभीर चक्रवाती तूफान (Severe Cyclonic Storm) का रूप ले सकता है। इसके बाद इसके और अधिक शक्तिशाली होकर उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, 19 नवंबर 2026 की रात तक यह आंध्र प्रदेश तट के निकट मध्य-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में अति गंभीर चक्रवाती तूफान (Very Severe Cyclonic Storm) के रूप में पहुंच सकता है।
आंध्र प्रदेश और दक्षिण ओडिशा तट के लिए चक्रवात पूर्व चेतावनी
संभावित चक्रवाती तूफान को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा तट के लिए चक्रवात पूर्व चेतावनी जारी की है। आगामी दिनों में इस समुद्री मौसम प्रणाली की दिशा और तीव्रता पर मौसम विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

