घर से 200 मीटर दूर खेत में ले गए अलमारी
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर जिले के पहाड़ा थाना क्षेत्र के बंजारवाड़ा गांव में बुधवार रात चोरों ने एक वृद्धा के घर को निशाना बनाकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नकदी चोरी कर ली। वारदात के समय 80 वर्षीय सेना देवी घर में ही सो रही थीं। आशंका जताई जा रही है कि बदमाशों ने उन्हें बेहोश कर दिया था, जिससे उन्हें घर में चोरों की मौजूदगी का पता नहीं चला। | udaipur theft news
बदमाशों ने वारदात को अंजाम देने से पहले आसपास के घरों के बाहर से कुंडियां लगा दीं, ताकि किसी के जागने पर भी वे बाहर निकलकर आरोपियों को पकड़ न सके। इसके बाद चोरों ने घर में घुसकर अलमारियों के लॉकर तोड़े और सामान बिखेर दिया।
खिड़की तोड़कर घर में घुसे बदमाश
बदमाश मकान के पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे थे। घर में रखी अलमारी का ताला नहीं खुलने पर वे पूरी अलमारी उठाकर करीब 200 मीटर दूर खेत में ले गए। वहां अलमारी का लॉक तोड़कर उसमें रखे जेवर और नकदी निकाल ली और फरार हो गए।
गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने खेत में अलमारी पड़ी देखी तो चोरी की वारदात का पता चला। दूसरी ओर, जब सेना देवी नींद से उठीं तो घर का सामान बिखरा हुआ और अलमारियों के लॉकर टूटे मिले।
25 तोला सोना और 5 किलो चांदी के जेवर चोरी
वृद्धा के अनुसार बदमाश उनके पुश्तैनी सोने-चांदी के भारी आभूषण चोरी कर ले गए। इनमें करीब 25 तोला सोने के कंगन, मोटी चेन, तरड़िया और अन्य आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा 5 किलो चांदी की पायल, बिछूड़ी, सांकली, कंदोरा, पायजेब, कडले और हांसली सहित अन्य जेवर भी चोरी हुए हैं। बदमाश 15 हजार रुपए नकद भी ले गए।
घर में अकेली रहती हैं सेना देवी, 4 से 6 बदमाशों की आशंका
पुलिस के अनुसार सेना देवी घर में अकेली रहती हैं। उनका बेटा गुजरात के एक होटल में काम करता है। अलमारी को घर से उठाकर खेत तक ले जाने और वारदात के तरीके को देखते हुए पुलिस को 4 से 6 बदमाशों के शामिल होने की आशंका है।
सूचना पर पहाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

