जयपुर,एआर लाइव न्यूज। जयपुर के आमेर इलाके में बुधवार देर रात तेज रफ्तार कार ने स्कूटी और मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। भीषण सड़क हादसे में बाइक और स्कूटी सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सवाई मानसिंह (SMS) अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, हादसा बुधवार रात करीब 11 बजे आमेर थाना क्षेत्र में हुआ। कार आमेर महल से जलमहल की तरफ जा रही थी। इस दौरान आमेर मावठे के पास सेल्फी पॉइंट पर कार ने पहले एक स्कूटी को टक्कर मारी। इसके बाद कार ने आमेर घाटी में मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार और मोटरसाइकिल सड़क किनारे खाई में जा गिरीं।
हादसे में मोटरसाइकिल सवार रामगंज निवासी शोएबुद्दीन उर्फ शोएब (26) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, स्कूटी सवार आमेर निवासी साहिल (25) ने गुरुवार को SMS अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घायल कलीमुद्दीन, सोहेल और तरुण का अस्पताल में उपचार जारी है।
नशे में धुत थे आरोपी, लोगों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द किया
आमेर के सहायक पुलिस आयुक्त प्रतीक सिंह के मुताबिक, कार में तीन लोग सवार थे और उनके कथित तौर पर नशे में होने की बात सामने आई है। हादसे के बाद तीनों ने भागने की कोशिश की। इस दौरान एक आरोपी फरार हो गया, जबकि स्थानीय लोगों ने दो आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
आमेर थानाधिकारी राजेंद्र गोदारा ने बताया कि हिरासत में लिए गए आरोपियों की पहचान अयान (25) और सागर सोलंकी (25) के रूप में हुई है। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद दोनों मृतकों के शव परिजनों को सौंप दिए गए।

