Site icon AR Live News

श्रीगंगानगर: रेलवे ट्रैक पर विस्फोट, सीमेंट स्लीपर टूटे, ATS और NIA ने शुरू की जांच

श्रीगंगानगर,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान के सीमावर्ती श्रीगंगानगर जिले में अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेलवे लाइन पर संदिग्ध विस्फोट से सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मंगलवार रात करीब 9:45 बजे रामसिंहपुर क्षेत्र के गांव 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि पटरी के नीचे लगे सीमेंट के दो स्लीपर पूरी तरह टूट गए और रेलवे ट्रैक के बीच करीब दो फीट गहरा गड्ढा बन गया। धमाके के कारण आसपास बिछी रेलवे गिट्टी भी दूर तक बिखर गई। | Sri Ganganagar Railway Track Blast

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, रेलवे अधिकारी, रेलवे प्रोटेक्शन फोर्स (RPF) और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं। मामले की गंभीरता को देखते हुए RPF, NIA, एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (ATS), फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और बम निरोधक दस्ते (BDS) की टीमों ने जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गांव 50 जीबी के पास मंगलवार रात करीब 9:45 बजे हुए विस्फोट की आवाज लगभग 200 मीटर दूर स्थित ढाणियों तक सुनाई दी। तेज आवाज सुनकर आसपास रहने वाले किसान और ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए। शुरुआत में लोगों को किसी सड़क हादसे की आशंका हुई, लेकिन मौके पर पहुंचने पर रेलवे ट्रैक के पास विस्फोट होने का पता चला।

ग्रामीणों ने तुरंत रेलवे गेटमैन को सूचना दी। इसके बाद रेलवे प्रशासन और पुलिस को मामले से अवगत कराया गया। पुलिस ने इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी, ताकि जांच के लिए जरूरी साक्ष्य सुरक्षित रखे जा सकें।

जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 8:30 बजे अनूपगढ़ से सूरतगढ़ की ओर यात्री ट्रेन रवाना हुई थी। यह ट्रेन रात करीब 9 बजे गांव 50 जीबी के आसपास से गुजरी थी। इसके लगभग 45 मिनट बाद रेलवे ट्रैक पर विस्फोट हुआ।

जांच एजेंसियां ट्रेन के गुजरने और धमाके के बीच के समय को महत्वपूर्ण मानकर पड़ताल कर रही हैं। हालांकि, अभी तक किसी आतंकी साजिश या ट्रेन को नुकसान पहुंचाने के इरादे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

श्रीगंगानगर एसपी हरिशंकर यादव ने बताया कि रेलवे ट्रैक पर हुए विस्फोट के कारणों का पता लगाने के लिए सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। FSL और बम निरोधक दस्ते की टीम घटनास्थल से साक्ष्य जुटा रही हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही विस्फोट की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Exit mobile version