राहुल अग्रवाल स्टूडेंट्स से बोले- मिनी इंडिया में आपका स्वागत है, 250 विद्यार्थियों ने ली चरक शपथ
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH), उदयपुर में MBBS के नए शैक्षणिक सत्र की शुरुआत व्हाइट कोट सेरेमनी के साथ हुई। समारोह में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने डॉक्टर की पहचान माने जाने वाले सफेद कोट को धारण किया और चरक शपथ लेकर मरीजों की सेवा, चिकित्सा नैतिकता और पेशे के प्रति समर्पण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ चेयरमैन राहुल अग्रवाल, एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अमन अग्रवाल, सीईओ शरद कोठारी, पीएमयू प्रेसिडेंट डॉ. एम.एम. मंगल, प्रिंसिपल डॉ. यू.एस. परिहार सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। व्हाइट कोट धारण करने के बाद विद्यार्थियों ने चरक शपथ ली। समारोह में अभिभावक भी मौजूद रहे और अपने बच्चों की मेडिकल शिक्षा की नई शुरुआत के साक्षी बने।
चेयरमैन राहुल अग्रवाल ने देश के करीब 20 राज्यों से आए 250 विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कैंपस को मिनी इंडिया बताया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की देखभाल और उनके बेहतर भविष्य के निर्माण की जिम्मेदारी संस्थान की है।
चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य समाज के प्रति जिम्मेदार चिकित्सक तैयार करना
एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर अमन अग्रवाल ने मेडिकल शिक्षा में अनुशासन, निरंतर अध्ययन और मेहनत को महत्वपूर्ण बताया। वहीं, डॉ. एम.एम. मंगल ने कहा कि चिकित्सा शिक्षा का उद्देश्य केवल कुशल डॉक्टर बनाना नहीं, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदार चिकित्सक तैयार करना भी है।
प्रिंसिपल डॉ. यू.एस. परिहार ने विद्यार्थियों को चिकित्सा ज्ञान के साथ संवेदनशीलता और मरीजों के प्रति समर्पण अपनाने की सीख दी।

