जयपुर,एआर लाइव न्यूज। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने जयपुर में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के प्रवर्तन अधिकारी सोनू मौर्य को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। परिवादी के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करने और उसके बैंक खाते फ्रीज नहीं करने की एवज में रिश्वत मांगी थी। | Jaipur EPFO Officer Arrested
ACB के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता के अनुसार, परिवादी ने शिकायत दी थी कि उसकी फर्म में कार्यरत कर्मचारियों का पीएफ जमा नहीं करवाने के मामले में उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं करने और बैंक खाते फ्रीज नहीं करने की एवज में EPFO के प्रवर्तन अधिकारी सोनू मौर्य दो लाख रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं।
शिकायत मिलने के बाद ACB ने रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान आरोपी द्वारा एक लाख रुपये रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई।
CA की मौजूदगी में लिए एक लाख रुपये
शिकायत के आधार पर ACB ने ट्रैप कार्रवाई की। बुधवार को आरोपी ने परिवादी की फर्म के चार्टर्ड अकाउंटेंट (CA) की मौजूदगी में सह-परिवादी से एक लाख रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त की। इसी दौरान ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया और रिश्वत की रकम बरामद कर ली।
ACB की टीम कर रही अन्य लोगों की भूमिका की जांच
यह कार्रवाई ACB उप महानिरीक्षक ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में जयपुर नगर चतुर्थ चौकी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार गुप्ता और उनकी टीम ने की। मामले में अन्य व्यक्तियों की संभावित भूमिका को लेकर भी पूछताछ की जा रही है।
भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए ACB हेल्पलाइन जारी
ACB ने आमजन से भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान में सहयोग करने की अपील की है। यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी वैध काम के बदले रिश्वत मांगता है, तो इसकी शिकायत ब्यूरो के टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 94135-02834 पर की जा सकती है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

