Site icon AR Live News

हिंदुस्तान जिंक ने लॉन्च किए नए जिंक एलॉय ‘वेदएज’ और ‘वेदआयुष’

hindustan-zinc-launches-vedaz-vedayush-zinc-alloys-galvanizing-industry

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। भारत के इंफ्रास्ट्रक्चर और विनिर्माण क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए हिंदुस्तान जिंक लिमिटेड ने गैल्वनाइजिंग उद्योग के लिए दो नई पीढ़ी के जिंक एलॉय ‘वेदएज’ (VedAZ) और ‘वेदआयुष’ (VedAyush) लॉन्च किए हैं। कंपनी के अनुसार, इन उत्पादों का उद्देश्य गैल्वनाइजिंग प्रक्रिया को अधिक कुशल बनाना, कोटिंग की गुणवत्ता में समानता लाना और गैल्वेनाइज्ड स्टील की मजबूती व टिकाऊपन बढ़ाना है। | Hindustan Zinc VedAZ VedAyush zinc alloys

हिंदुस्तान जिंक के सीईओ एवं पूर्णकालिक निदेशक अमरेंदु प्रकाश ने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, ऑटोमोबाइल, इंजीनियरिंग और उपभोक्ता उत्पाद क्षेत्रों में वैल्यू-एडेड जिंक उत्पादों की मांग बढ़ रही है। नए एलॉय ग्राहकों की विशेष उत्पादन और प्रदर्शन जरूरतों को पूरा करने में मदद करेंगे।

वेदएज जिंक-एल्यूमिनियम मास्टर एलॉय है, जो गैल्वनाइजिंग बाथ में एल्यूमिनियम का बेहतर नियंत्रण कर समान कोटिंग और बेहतर सतह गुणवत्ता में मदद करता है। वहीं वेदआयुष जिंक-एल्यूमिनियम-मैग्नीशियम एलॉय है, जिसे उच्च आर्द्रता, तटीय और चुनौतीपूर्ण औद्योगिक वातावरण में बेहतर जंगरोधी सुरक्षा के लिए विकसित किया गया है।

राजस्थान के राजपुरा-दरीबा में हिंदुस्तान जिंक की सहायक कंपनी एचजेडएपीएल 30,000 टन वार्षिक क्षमता वाले जिंक एलॉय मेल्टिंग और कास्टिंग संयंत्र का संचालन करती है। नए उत्पाद कंपनी के वैल्यू-एडेड जिंक पोर्टफोलियो को और मजबूत करेंगे।

कंपनी के विशेष एलॉय पोर्टफोलियो में एचजेडए -3 और एचजेडए-5 जैसे जिंक डाई-कास्टिंग ग्रेड भी शामिल हैं, जिनका उपयोग ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रिकल उपकरण, औद्योगिक हार्डवेयर और उपभोक्ता उत्पादों के सटीक पुर्जों के निर्माण में किया जाता है। कंपनी के एचजेडए-5 ग्रेड को भारतीय मानक ब्यूरो बीआईएस का प्रमाणन भी प्राप्त है।

Exit mobile version