उदयपुर। राजस्थान के उदयपुर में बुजुर्ग दंपती से 1.70 करोड़ रुपये की कथित ठगी के मामले में थाना अंबामाता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी भीमल खेड़ा मावली निवासी प्रभुसिंह कितावत (31) पुत्र भेरूसिंह पर पुलिस ने 5,000 रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। न्यायालय ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। | Udaipur Crime News
इस मामले में आरोपी ने कथित तौर पर पहले किराएदार बनकर बुजुर्ग दंपती का भरोसा हासिल किया और फिर कारोबार में भारी मुनाफे का लालच देकर करोड़ों रुपये की ठगी की।
किराएदार बनकर जीता भरोसा, फिर करोड़ों की ठगी
डीएसपी राजेश यादव के अनुसार आरोपी प्रभुसिंह पहले फतेहपुरा निवासी कमल किशोर पारीक के मकान में किराएदार बनकर रहा था। इस दौरान उसने परिवार से करीबी संबंध बना लिए। बाद में कपड़ों के शोरूम खोलने और भारी मुनाफा कमाने का झांसा देकर बुजुर्ग दंपती से वर्ष 2020 से 2022 के बीच नकद और बैंक खातों के माध्यम से कथित तौर पर 1 करोड़ 70 लाख रुपये ले लिए।
रकम वापस मांगने पर आरोपी ने चेक दिए, जो बाउंस हो गए। इसके बाद वह शोरूम बंद कर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ अंबामाता में दो और सुखेर में एक आपराधिक प्रकरण दर्ज है।
तकनीकी सहायता से गिरफ्तारी
थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह ने उनकी टीम के साथ आरोपी की पड़ताल की तो वह मावली के भीमल खेड़ा का रहने वाला निकला। आरोपी लंबे समय से फरार था। इस पर पुलिस ने तकनीकी संसाधनों की मदद से आरोपी की लोकेशन का पता किया और उसे गिरफ्तार किया है। पुलिस अब रिमांड के दौरान ठगी की रकम और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

