लखीमपुर खीरी में संत कबीर महोत्सव आयोजित, कबीर स्मृति भवन का भूमि पूजन एवं शिलान्यास
लखीमपुर खीरी,एआर लाइव न्यूज। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी में आयोजित संत कबीर महोत्सव एवं कबीर स्मृति भवन के भूमि पूजन और शिलान्यास समारोह को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने संत असंग देव महाराज को जन्मोत्सव की शुभकामनाएं दीं और संत कबीर की वाणी के प्रचार-प्रसार में उनके योगदान की सराहना की। | sant kabir mahotsav
ओम बिरला ने कहा कि संत कबीर की वाणी भारतीय संत परंपरा की अमूल्य धरोहर है। उनके विचार सदियों से मानवता को सत्य, प्रेम, समरसता और आत्मचिंतन का मार्ग दिखाते आए हैं। संत कबीर ने अपनी वाणी के माध्यम से सामाजिक रूढ़ियों, भेदभाव और संकीर्णताओं से ऊपर उठकर मानवीय मूल्यों, सदाचार तथा आपसी सम्मान का संदेश दिया।
उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज में संयमित वाणी, संवाद में सम्मान और व्यवहार में विनम्रता का विशेष महत्व है। युवाओं को जीवन में सफलता प्राप्त करने के साथ विवेक, ईमानदारी और सामाजिक संवेदनशीलता जैसे मूल्यों को भी अपनाना चाहिए। उन्होंने संत कबीर महोत्सव के आयोजन तथा स्मृति भवन के निर्माण से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं।

