Site iconSite icon AR Live News

हत्या, एक किलो सोना डकैती कर फरार हुए बदमाशों को उदयपुर पुलिस ने धरदबोचा

udaipur police caught rajkot murder robbery accusedudaipur police caught rajkot murder robbery accused

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। गुजरात के राजकोट में बीती शाम गोल्ड रिफाइनरी कंपनी के कर्मचारी की हत्या कर करीब एक किलो सोना और तीन किलो चांदी लूटकर फरार हुए बदमाशों को उदयपुर पुलिस ने धरदबोचा है। गुजरात पुलिस से मिले अलर्ट के बाद राजस्थान के बॉर्डर जिलों में की गई सघन नाकेबंदी के दौरान आज गुरूवार तड़के सुखेर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा और लूट का पूरा माल बरामद कर लिया है, जिसकी कीमत डेढ़ करोड़ रूपए से अधिक है। | udaipur police caught rajkot murder robbery accused

उदयपुर एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि सुखेर पुलिस ने नाकेबंदी के दौरान दो बदमाशों चंदोली, उत्तर प्रदेश निवासी अजीत पांडे पुत्र रामशपथ पांडे और शिवम पांडे पुत्र अशोक पांडे को पकड़ लिया है। ये दोनों बदमाश राजकोट में गोल्ड रिफाइनरी कंपनी के कर्मचारी की हत्या-लूट की वारदात कर वहां से फरार हुए थे।

इनके कब्जे से 946 ग्राम रिफाइंड सोने की सिल्लियां और 2.870 किलोग्राम चांदी का पाउडर बरामद किया है। बदमाश जिस कार से फरार हो रहे थे, उसे भी जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई में सुखेर थानाधिकारी भरत योगी, बड़गांव थाने के एएसआई कृष्ण गोपाल सिंह सहित रात्री गश्त और नाकेबंदी टीम की अहम भूमिका रही।कार्रवाई पर एसपी ने दी जानकारी-:

https://arlivenews.com/wp-content/uploads/2026/10/udaipur-police-arrests-rajkot-murder-robbery-accused-gold-silver-recovered.mp4

पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी गुजरात से राजस्थान के रास्ते उत्तर प्रदेश भागने की फिराक में थे। उन्हें उम्मीद थी कि गुजरात से बाहर निकलने के बाद वे आसानी से अपने गंतव्य तक पहुंच जाएंगे, लेकिन गुजरात पुलिस के इनपुट पर राजस्थान पुलिस ने तत्काल नाकेबंदी कर दी।

जानकारी के अनुसार, 14 अक्टूबर की शाम राजकोट में तन्वी एक्सपोर्ट इंडिया लिमिटेड (गोल्ड रिफाइनरी कंपनी) के कर्मचारी की गोली मार हत्या कर बदमाशों ने करीब 1 किलो सोना और 3 किलो चांदी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद आरोपी कार से राजस्थान होते हुए उत्तर प्रदेश की ओर रवाना हुए।

गुजरात पुलिस ने वारदात की सूचना राजस्थान पुलिस को दी। इसके बाद सिरोही और उदयपुर सहित बॉर्डर एरिया में पुलिस ने सघन नाकेबंदी शुरू कर दी। रात्री नाकेबंदी और गश्त के दौरान सुखेर पुलिस ने बदमाशों को धरदबोचा।

इस वारदात से जुड़े तीन अन्य आरोपियों को सिरोही पुलिस ने भी डिटेन किया है। उदयपुर पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों और बरामद माल के संबंध में राजकोट पुलिस को सूचना दी। सुखेर थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि हत्या और डकैती का मामला राजकोट में दर्ज है, इसलिए पकड़े गए आरोपियों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए राजकोट पुलिस के सुपुर्द किया गया है।

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि यह कार्रवाई इंटर स्टेट पुलिस को-ऑर्डिनेशन का अच्छा उदाहरण है। बदमाश उत्तर प्रदेश से राजकोट में वारदात करने पहुंचे थे। वारदात के बाद उन्हें लगा कि गुजरात से निकलने के बाद वे आसानी से राजस्थान पार कर उत्तर प्रदेश पहुंच जाएंगे।

लेकिन गुजरात पुलिस से समय पर मिले सही इनपुट और को-ऑर्डिनेशन के आधार पर राजस्थान के बॉर्डर जिलों में नाकेबंदी कर दी गई। इसी सतर्कता के चलते उदयपुर पुलिस ने बदमाशों को राजस्थान में ही पकड़ लिया।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version