Site iconSite icon AR Live News

नेक्सा एवरग्रीन धोखाधड़ी मामले में जयपुर ईडी की बड़ी कार्रवाई

jaipur-ed-nexa-evergreen-investment-fraud-2676-crorejaipur-ed-nexa-evergreen-investment-fraud-2676-crore

जयपुर, एआर लाइव न्यूज। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के जयपुर जोनल कार्यालय ने नेक्सा एवरग्रीन निवेश धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए जयपुर की विशेष PMLA अदालत में अभियोजन शिकायत (Prosecution Complaint) दाखिल की है। यह शिकायत धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA), 2002 की धारा 44 और 45 के तहत सुभाष चंद्र बिजनोरिया उर्फ सुभाष चंद्र बिजारनिया और अन्य आरोपी व्यक्तियों व संस्थाओं के खिलाफ दाखिल की गई है। | nexa evergreen investment fraud | ED Jaipur | Jaipur News |

ईडी की जांच के अनुसार नेक्सा एवरग्रीन समूह के जरिए वर्ष 2019 से 2023 के बीच निवेशकों से करीब 2676 करोड़ रुपए एकत्र किए गए। राजस्थान पुलिस की ओर से नेक्सा एवरग्रीन समूह के खिलाफ दर्ज कई एफआईआर और दाखिल चार्जशीट के आधार पर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि निवेशकों को गुजरात के धोलेरा स्मार्ट सिटी में जमीन विकास और प्लॉटिंग प्रोजेक्ट में पैसा लगाने का झांसा दिया गया। निवेशकों को 60 सप्ताह तक हर सप्ताह 3 प्रतिशत रिटर्न या प्लॉट आवंटित करने का वादा किया गया। नए निवेशक जोड़ने पर लैपटॉप, मोटरसाइकिल और कार जैसे पुरस्कार देने का लालच भी दिया गया।

ईडी के मुताबिक जनवरी 2023 में निवेशकों को किए जा रहे भुगतान अचानक बंद कर दिए गए। इसके बाद कंपनी की वेबसाइट, मोबाइल एप्लिकेशन और कार्यालय भी बंद हो गए। कंपनी के सॉफ्टवेयर डेटा के अनुसार 47,664 निवेशकों को उनकी ओर से निवेश की गई राशि से कम रकम वापस मिली, जिससे कुल करीब 932.54 करोड़ रुपए की कमी सामने आई।

ईडी की जांच में आरोप है कि रणवीर सिंह उर्फ रणवीर बिजारनिया और सुभाष चंद्र बिजनोरिया ने पूरे कथित फर्जीवाड़े पर नियंत्रण रखा। दोनों ने सहयोगियों और निवेशकों के नाम पर कई कंपनियां, एलएलपी, पार्टनरशिप फर्म और प्रोपराइटरशिप संस्थाएं बनाई।

इन संस्थाओं और उनके बैंक खातों का इस्तेमाल निवेशकों से धन एकत्र करने, पुराने निवेशकों को पोंजी स्कीम के तरीके से रिटर्न देने और अचल संपत्तियां खरीदने में किया गया। ईडी के अनुसार इस प्रक्रिया के जरिए अपराध से अर्जित धन की लेयरिंग की गई और उसके वास्तविक स्रोत एवं स्वामित्व को छिपाने का प्रयास किया गया।

ईडी ने जून 2025 में जयपुर, सीकर, झुंझुनूं और अहमदाबाद में 25 ठिकानों पर तलाशी ली थी। कार्रवाई के दौरान 2.05 करोड़ रुपए की नकदी जब्त की गई थी। इसके अलावा बैंक और क्रिप्टो खातों में जमा 15.31 करोड़ रुपए फ्रीज किए गए थे।

सुभाष चंद्र बिजनोरिया को ईडी ने 10 अगस्त 2026 को गिरफ्तार किया था। वह वर्तमान में न्यायिक हिरासत में है।

ईडी के अनुसार मामले में अब तक करीब 52 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त, फ्रीज या अटैच की जा चुकी हैं। मामले में आगे की जांच जारी है। अटैच की गई संपत्तियों में गुजरात के धोलेरा और धंधुका स्थित जमीन और प्लॉट, अहमदाबाद और सीकर में आवासीय फ्लैट तथा गोवा के कैलंगुट स्थित एक रिसॉर्ट कंपनी में 45 प्रतिशत हिस्सेदारी शामिल है। | nexa evergreen investment fraud

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version