Site icon AR Live News

फर्जीवाड़ा: यूडीए की 13 करोड़ की जमीन के फर्जी पट्टे बना कोर्ट से स्टे तक ले आए आरोपी

Udaipur UDA bhuwana land fraud FIR

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर शहर के भुवाणा में आसमान छूते जमीन भाव के चलते भूखंड धोखाधड़ी के मामले बढ़ते जा रहे हैं। कुछ भूमाफिया ने तो यूडीए की 26900 स्क्वॉयर फीट जमीन के पंचायत के फर्जी पट्टे बनवाकर कोर्ट से स्टे तक ले लिया। यूडीए ने जब कोर्ट में आरोपियों द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की पड़ताल की तो फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। | Udaipur UDA bhuwana land fraud FIR

उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) के भूमि अभिलेख निरीक्षक ने सुखेर थाने में रिपोर्ट देकर फर्जीवाड़ा करने वाले तीन आरोपियों झाड़ोल के ब्राह्मणों का खेरवाड़ा निवासी दुर्गा शंकर पुत्र रामचन्द्र ब्राह्मण, मोहन सिंह पुत्र लाल सिंह और भैरू सिंह पुत्र गोविंद सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवायी है। उक्त जमीन की बाजार कीमत करीब 13 करोड़ रूपए बतायी गयी है। जानकारी के अनुसार यह मामला कोर्ट में विचाराधीन है।

एफआईआर के अनुसार मामला राजस्व ग्राम भुवाणा, ग्राम पंचायत भुवाणा, में रत्नागिरी पहाड़ी के पास स्थित आराजी नंबर 3055 (26900 स्क्वॉयर फीट जमीन) से जुड़ा है। शिकायत में कहा गया है कि यह जमीन यूडीए के स्वामित्व और खाते में है। यूडीए की ओर से जमीन का अधिग्रहण कर मुआवजा देने के बाद कब्जा लिया गया और बाद में भूखंडों की योजना बनाकर सार्वजनिक नीलामी के जरिए बिक्री की गई। यूडीए ने स्पष्ट किया है कि यह आराजी कभी पंचायत की संपत्ति नहीं रही।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि तीनों आरोपियों ने इसी जमीन के संबंधित पंचायत के कूट रचित और फर्जी पट्टे तैयार कर उदयपुर की अदालत में यूडीए के खिलाफ स्थायी निषेधाज्ञा का वाद भी पेश किया। जब यूडीए ने इन पट्टों और और पंचायत की पत्रावली की जांच की तो पूरा फर्जीवाड़ा सामने आ गया। पुलिस पड़ताल में सामने आएगा कि इन फर्जीवाड़े में इन तीन आरोपियों के अलावा उदयपुर के कोई बड़े भूमाफिया तो शामिल नहीं है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 \ 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version