Site icon AR Live News

5 साल, 2.16 लाख से ज्यादा नि:शुल्क भोजन: संकल्प- कोई जरूरतमंद भूखा न लौटे

joy-of-giving-india-charitable-trust-udaipur-5-years-free-meals

उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। जरूरतमंदों को सम्मान के साथ नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ शुरू हुई जॉय ऑफ गिविंग इंडिया (JOGI) चैरिटेबल ट्रस्ट की भोजन सेवा ने 7 अक्टूबर 2026 को अपने 5 वर्ष पूरे कर लिए। 7 अक्टूबर 2021 को उदयपुर से शुरू हुई इस सेवा यात्रा में अब तक 2.16 लाख से अधिक नि:शुल्क भोजन जरूरतमंदों तक पहुंचाए जा चुके हैं। | Joy of Giving India Charitable Trust Udaipur

शुरुआत में जहां संस्था करीब 125 लोगों को प्रतिदिन भोजन उपलब्ध कराती थी, वहीं अब यह सेवा बढ़कर 220 से अधिक जरूरतमंदों तक प्रतिदिन पहुंच रही है। वर्तमान में उदयपुर में दो भोजन वितरण केंद्रों—एम.बी. हॉस्पिटल ओपीडी परिसर और जनाना हॉस्पिटल के पास— सेवा संचालित की जा रही है।

JOGI ट्रस्ट की इस पहल की खासियत केवल नि:शुल्क भोजन उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंदों को सम्मान के साथ भरपेट भोजन कराना है। यहां दाल, सब्जी, चावल और रोटी परोसी जाती है। भोजन स्टील की थालियों में सम्मानपूर्वक कराया जाता है और भोजन की मात्रा पर कोई निर्धारित सीमा नहीं है।

भोजन तैयार करने से लेकर परोसने और थालियों की सफाई तक स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाता है। गर्मी, सर्दी और बारिश—हर मौसम में यह सेवा लगातार जारी रहती है।

JOGI की भोजन सेवा का बड़ा लाभ अस्पतालों में इलाज करा रहे मरीजों के साथ आने वाले दूर-दराज के गांवों के परिजनों को मिल रहा है। ट्रस्ट लोगों को जन्मदिन, वर्षगांठ और पुण्यतिथि जैसे विशेष अवसरों को जरूरतमंदों को भोजन कराकर मनाने के लिए प्रेरित करता है।

JOGI चैरिटेबल ट्रस्ट के फाउंडर चेयरमैन रोशन जैन ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल भोजन बांटना नहीं, बल्कि जरूरतमंद व्यक्ति को सम्मान के साथ भरपेट भोजन उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भूखा वापस न जाए।

उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से आने वाले समय में इस सेवा को और अधिक जरूरतमंदों तक पहुंचाने और सेवा सुविधाओं को बेहतर बनाने के प्रयास जारी रहेंगे।

Exit mobile version