उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर पुलिस की डीएसटी और हिरणमगरी थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सेक्टर 3 स्थित एक मकान पर छापेमारी कर दो अवैध देशी पिस्टल और 13 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद की है। पुलिस ने अवैध हथियार लेकर आने वाले आरोपी युवक सीतामऊ, जिला मंदसौर (मध्य प्रदेश) निवासी योगेन्द्र प्रताप सिंह पुत्र यशपाल सिंह को भी उसी मकान से गिरफ्तार कर लिया है। | Udaipur illegal arms and MD Drugs smuggling
एसपी डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर यह कार्रवाई डीएसटी प्रभारी भरत योगी और हिरणमगरी थानाधिकारी रविन्द्र सिंह की टीम की है। पुलिस को सेक्टर तीन स्थित उक्त मकान में हथियार लाए जाने की सटीक सूचना थी। जिस पर पुलिस टीम ने उस मकान में छापेमारी कर तलाशी ली। जिसमें दो अवैध देशी पिस्टल और एमडीएमए ड्रग्स बरामद हुए।
पुलिस ने बताया कि दो अवैध देशी पिस्टल और 13 ग्राम एमडीएमए ड्रग्स बरामद कर आरोपी योगेन्द्र प्रताप सिंह को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि वह प्रतापगढ़ से अवैध देशी पिस्टल और मंदसौर उसके गांव से एमडीएमए ड्रग्स खरीद कर उदयपुर में बेचने की फिराक में आया था।
गांव के लड़के पीजी में रहते हैं, आरोपी उनसे मिलने के बहाने आता-जाता है उदयपुर
पुलिस ने बताया कि आरोपी के गांव के कई परिचित युवक उदयपुर में हिरणमगरी क्षेत्र में पेंइग गेस्ट में रहकर पढ़ाई करते हैं। इन्हीं परिचित युवकों से मिलने के बहाने आरोपी उदयपुर आता-जाता है और कॉलेज स्टूडेंट्स में एमडीएमए ड्रग्स सप्लाई करता है। ज्यादा मुनाफे के लालच में वह इस बार प्रतापगढ़ से अवैध देशी पिस्टल भी खरीद कर ले आया।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

