Site iconSite icon AR Live News

एसीबी ट्रैप: 2 करोड़ की रिश्वत लेता दलाल गिरफ्तार, उदयपुर SOG एडि.एसपी मुकेश सोनी हिरासत में

udaipur-acb-trap-sog-asp-mukesh-soni-dalal-arrest-2-crore-bribeudaipur-acb-trap-sog-asp-mukesh-soni-dalal-arrest-2-crore-bribe

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने उदयपुर में बड़ी ट्रैप कार्रवाई करते हुए एसओजी एडि.एसपी मुकेश कुमार सोनी के दलाल सज्जन सिंह जैन उर्फ टाटला को 2 करोड़ रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद ACB ने SOG उदयपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार सोनी को बालोतरा स्थित उनके निवास से डिटेन किया है। | Udaipur ACB Trap SOG ASP

ACB के अनुसार, इंटेलीजेंस यूनिट उदयपुर को एक शिकायत मिली थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि उदयपुर नगर निगम के 272 भूखंड से जुड़े चर्चित प्रकरण संख्या 97/2022 में पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों को दर्ज मामलों में राहत दिलाने, अन्य मामलों में आरोपी नहीं बनाने और गिरफ्तारी के दौरान उनके घर से बरामद दस्तावेज वापस लौटाने के बदले 2 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।

शिकायत में आरोप था कि एडि.एसपी मुकेश कुमार सोनी द्वारा उनके दलाल सज्जन सिंह जैन के जरिए दो करोड़ रूपए रिश्वत मांगी जा रही है। ACB ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत की मांग से संबंधित बातचीत की पुष्टि हुई।

सत्यापन के बाद 26 सितंबर 2026 को ACB ने ट्रैप कार्रवाई की। टीम ने सज्जन सिंह जैन उर्फ टाटला को परिवादी की फैक्ट्री से 2 करोड़ रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। बरामद रिश्वत की रकम में 4 लाख रुपये असली भारतीय करेंसी और 1.96 करोड़ रुपये डमी नोट (चिल्ड्रन नोट) शामिल थे।

ACB के मुताबिक, मामले में मुकेश कुमार सोनी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, SOG उदयपुर की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर उन्हें उनके निवास स्थान जिला बालोतरा से डिटेन किया गया। उनसे आवश्यक पूछताछ और आगे की कार्रवाई जारी है।

कार्रवाई ACB महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता के निर्देश पर की गई। पुलिस उपमहानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपालस्वरूप मेवाड़ा के निर्देशन में ACB इंटेलीजेंस यूनिट उदयपुर की पुलिस उप अधीक्षक डॉ. सोनू शेखावत के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

ACB के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ और ASP मुकेश कुमार सोनी के संबंध में आगे की कार्रवाई जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 7A और BNS 2023 की धारा 61(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान किया जाएगा।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।


Exit mobile version