आरोपी ने ट्रक को ही बना रखा था डीजल पंप, हाईवे किनारे किसी भी ढाबे पर ट्रक खड़ा कर बेचने लगता अवैध डीजल
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर शहर की सवीना थाना पुलिस ने अवैध डीजल और मिश्रित पेट्रोलियम पदार्थ की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मिनी ट्रक पकड़ा है। पुलिस के अनुसार मिनी ट्रक में विशेष टैंक बनाकर उसमें तेल भरने के लिए मोटर और पंप लगाया गया था। टैंक में करीब 2000 लीटर से ज्यादा डीजल/मिश्रित पेट्रोलियम पदार्थ जब्त किया गया है। | Udaipur illegal diesel
डाकन कोटड़ा टोल के आगे होटल पर खड़ा था मिनी ट्रक
उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर जिले में अवैध मिलावटी डीजल और पेट्रोलियम पदार्थ की बिक्री के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर उमेश ओझा और नगर पूर्व वृताधिकारी छवि शर्मा के सुपरविजन में सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह की टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने डाकन कोटड़ा टोल से आगे एक होटल पर खड़े टाटा आईसर मिनी ट्रक की जांच की। पुलिस के मुताबिक ट्रक की पिछली बॉडी के अंदर उसी आकार का एक टैंक फिट किया गया था। इसमें तेल भरने के लिए मोटर और पंप भी लगा हुआ मिला।
चालक से पूछताछ में सामने आई पेट्रोलियम पदार्थ बेचने की बात
पुलिस ने ट्रक चालक डबोक के मेड़ता निवासी दलपत सिंह पुत्र भंवर सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उसने टैंक में भरे डीजल/मिश्रित पेट्रोलियम पदार्थ को सड़क से गुजरने वाले वाहनों में भरने की बात बताई।
इसके बाद पुलिस ने मिनी ट्रक को थाने में खड़ा करवाया और रसद विभाग को सूचना दी। जिला रसद अधिकारी मणि खींची के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पेट्रोलियम पदार्थ के सैंपल लिए। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार टैंक में 2000 लीटर से अधिक डीजल/मिश्रित पेट्रोलियम पदार्थ भरा हुआ था।
बड़े पैमाने पर अवैध कारोबार की आशंका
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ और जांच में हाईवे पर अवैध डीजल की चोरी, संग्रहण और बिक्री से जुड़े नेटवर्क या गैंग की संभावना सामने आई है। मामले में प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच जारी है। पेट्रोलियम पदार्थ के नमूनों की जांच और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस टीम में ये अधिकारी-कर्मचारी रहे शामिल
कार्रवाई करने वाली टीम में सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह, उपनिरीक्षक रविंद्र पाटीदार, हेड कांस्टेबल भानूप्रकाश, कांस्टेबल चालक रमेशचंद्र और कांस्टेबल खरताराम शामिल रहे।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

