बांसवाड़ा-प्रतापगढ़ में मेघों ने बरसाई मेहरबानी
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। राजस्थान के मेवाड़ क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान बांसवाड़ा, प्रतापगढ़ और डूंगरपुर जिलों में भारी से अति भारी बारिश दर्ज की गई। बांसवाड़ा जिले के घाटोल में प्रदेश में सर्वाधिक 207 मिलीमीटर यानी करीब सवा आठ इंच बारिश हुई। वहीं प्रतापगढ़ के पीपलखूंट में 190 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
मादड़ी बांध दो दिन में खाली,आकोदड़ा और मादड़ी बांध से आ रहा पानी
अलसीगढ़ बांध, मादड़ी और आकोदड़ा बांध से पिछोला में हुई आवक के चलते पिछले 24 घंटे में पिछोला झील का जलस्तर 6 फीट 10 इंच से बढ़कर 7 फीट 2 इंच हो गया है। पिछोला में पानी डायवर्ट किए जाने के कारण मादड़ी बांध दो दिन में ही खाली हो गया। फिलहाल मादड़ी और आकोदड़ा बांध से पिछोला में पानी की आवक जारी है। हालांकि आकोदड़ा बांध में पानी बहुत कम बचा है, इसलिए यहां से होने वाली आवक कभी भी थम सकती है।
वहीं सीसारमा नदी का बहाव भी घटा है। नदी में बहाव पहले करीब साढ़े तीन फीट था, जो अब घटकर करीब ढाई फीट रह गया है। मानसून की मौजूदा स्थिति को देखते हुए फतहसागर में कहीं से भी पानी की आवक होने की संभावना नजर नहीं आ रही है।
घाटोल में 207 मिमी बारिश
पिछले 24 घंटों में बांसवाड़ा जिले में कई स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश हुई। घाटोल में 207 मिमी, भूंगड़ा में 173 मिमी, लोहारिया में 148 मिमी और गढ़ी में 124 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा जगपुरा में 91, बांसवाड़ा में 60, कागदी में 57 और माही बांध क्षेत्र में 58 मिमी बारिश हुई।
प्रतापगढ़ जिले में भी बारिश का दौर तेज रहा। पीपलखूंट में 190 मिमी बारिश हुई, जबकि प्रतापगढ़ में 103, गादोला में 101 और सुहागपुरा में 99 मिमी बारिश दर्ज की गई।
डूंगरपुर जिले के गलियाकोट में 100 मिमी बारिश हुई। सागवाड़ा और साबला में 50-50 मिमी तथा आसपुर में 41 मिमी बारिश दर्ज की गई।
उदयपुर शहर में बारिश का इंतजार
उदयपुर शहर और झीलों के कैचमेंट क्षेत्रों में बादलों की मौजूदगी के बावजूद अपेक्षित बारिश नहीं हुई। वल्लभनगर में 17 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बावजूद आसपास के जलग्रहण क्षेत्रों में हुई बारिश से पिछोला झील में पानी की आवक बनी हुई है।
मेवाड़ में बारिश के प्रमुख आंकड़े
बांसवाड़ा: घाटोल 207 मिमी, भूंगड़ा 173, लोहारिया 148, गढ़ी 124, जगपुरा 91, बांसवाड़ा 60, कागदी 57, माही बांध 58, अरथुना 57, केसरपुरा 41, बागीदौरा 30, सज्जनगढ़ 31 और कुशलगढ़ 30 मिमी।
प्रतापगढ़: पीपलखूंट 190 मिमी, प्रतापगढ़ 103, गादोला 101, सुहागपुरा 99, अरनोद 61, जाखम बांध 60, छोटी सादड़ी 59, नागलिया 48 और धरियावद 31 मिमी।
डूंगरपुर: गलियाकोट 100 मिमी, सागवाड़ा 50, साबला 50 और आसपुर 41 मिमी।
मुख्य तथ्य
- राजस्थान में सर्वाधिक बारिश: घाटोल, बांसवाड़ा — 207 मिमी
- प्रतापगढ़ के पीपलखूंट में: 190 मिमी
- डूंगरपुर के गलियाकोट में: 100 मिमी
- पिछोला झील का जलस्तर: 7 फीट 2 इंच
- सीसारमा नदी का बहाव: करीब ढाई फीट
- उदयपुर के वल्लभनगर में: 17 मिमी
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 – 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

