Site icon AR Live News

पीएमसीएच में राइनोमैनोमेट्री वर्कशॉप: नाक की रुकावट के सटीक आकलन में नई तकनीक

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। पेसिफिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (PMCH) के कान, नाक एवं गला रोग विभाग की ओर से राइनोमैनोमेट्री विषय पर एक दिवसीय वर्कशॉप आयोजित की गई। आयोजकों के अनुसार राजस्थान में इस विषय पर आयोजित यह अपनी तरह की पहली कार्यशाला है। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से आए चिकित्सकों और डेलीगेट्स ने आधुनिक जांच तकनीक की बारीकियों को समझा।

कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. एसपी दुबे, डॉ. संजय अग्रवाल, पेसिफिक मेडिकल यूनिवर्सिटी के डॉ. एम.एम. मंगल, पीएमसीएच प्रिंसिपल डॉ. यू.एस. परिहार, डीन रिसर्च डॉ. आर.के. पालीवाल, आयोजन चेयरमैन डॉ. रिचा गुप्ता और आयोजन सचिव डॉ. एस.एस. कौशिक ने किया।

आयोजन चेयरमैन डॉ. रिचा गुप्ता ने बताया कि वर्कशॉप का उद्देश्य चिकित्सकों को राइनोमैनोमेट्री की आधुनिक तकनीक और उसके क्लिनिकल उपयोग से परिचित कराना था। भोपाल से आए डॉ. एस.पी. दुबे और डॉ. संजय अग्रवाल ने तकनीक की कार्यप्रणाली, वैज्ञानिक आधार और नैदानिक उपयोगिता पर जानकारी दी।

डॉ. दुबे ने बताया कि नाक के वायु प्रवाह और प्रतिरोध का वैज्ञानिक मापन मरीज की स्थिति के वस्तुनिष्ठ आकलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं पीएमसीएच के ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. एस.एस. कौशिक ने बताया कि क्रॉनिक नसल ऑब्स्ट्रक्शन से पीड़ित मरीजों के मूल्यांकन में राइनोमैनोमेट्री उपयोगी है। इससे नाक में वायु प्रवाह के वास्तविक प्रतिरोध का आकलन किया जा सकता है और सर्जरी की आवश्यकता तथा उपयुक्त प्रक्रिया तय करने में चिकित्सकों को मदद मिल सकती है।

वर्कशॉप के दौरान डॉ. रिचा गुप्ता और डॉ. एस.एस. कौशिक के नेतृत्व में प्रतिभागियों को अत्याधुनिक उपकरणों पर हैंड्स-ऑन ट्रेनिंग भी दी गई।

Exit mobile version