Site iconSite icon AR Live News

ज्वैलरी शोरूम में चोरी का खुलासा, अंतरराज्यीय गैंग के 3 आरोपी गिरफ्तार

udaipur-naveen-jewellers-theft-case-three accused arrestedudaipur-naveen-jewellers-theft-case-three accused arrested

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर पुलिस ने पंचवटी स्थित नवीन ज्वैलर्स शोरूम में हुई करीब एक करोड़ रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए अंतरराज्यीय चोर गिरोह के मुख्य सरगना सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब 60 लाख रुपये कीमत की सोने-चांदी और हीरे की ज्वैलरी बरामद की है। बड़ी बात यह है कि उदयपुर पुलिस ने चोरी हुए यह जेवर आगरा से नजदीक चंबल के बीहड़ों में करीब तीन फीट गड्ढा खोदकर बरामद किए हैं।

एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि उत्तर प्रदेश के आगरा जिला निवासी मुख्य सरगना आनन्द उर्फ कुकडीया वर्मा (26), धनपाल उर्फ धान्धु वर्मा (24), गुड्डू राजाराम (27) को गिरफ्तार किया है। जबकि एक फरार आरोपी मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा की तलाश की जा रही है। आरोपियों की निशानदेही पर ज्वैलरी शोरूम से चोरी हुए करीब 60 लाख रूपए कीमत के जेवर बरामद कर लिए गए हैं। चोर गिरोह के बदमाश अन्य राज्यों में भी वारदात कर चुके हैं।

आरोपियों की गिरफ्तारी में एडि.एसपी उमेश ओझा, डीएसपी राजेश यादव के नेतृत्व में हाथीपोल थानाधिकारी राजूदेवी की टीम की मुख्य भूमिका रही है। कार्रवाई में भरतपुर पुलिस का भी सराहनीय सहयोग रहा। सुनिए क्या कहा उदयपुर एसपी ने-:

पुलिस ने बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए उदयपुर से लेकर चित्तौड़गढ़, कोटा, बारां, ग्वालियर (एमपी), धौलपुर और आगरा (यूपी) तक करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाले। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी वारदात के समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करते थे और सफर में डिजीटल पेमेंट का उपयोग भी नहीं कर, नकद किराया देकर लगातार ट्रेन और बस बदलते थे।

जांच में गैंग का संबंध आगरा के पिनाहट और शमशाबाद थाना क्षेत्रों के चंबल बीहड़ों में सक्रिय अंतरराज्यीय नकबजन गिरोह से सामने आया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार किया।

आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सबसे बड़ी चुनौती थी माल की बरामदगी। आरोपियों ने चंबल के बीहड़ों के एक खेत में गड्ढा खोदकर चोरी की ज्वैलरी छुपायी हुई थी। पुलिस ने स्थानीय पुलिस की मदद ली और बारिश के मौसम में खेतों में लंबी घास, दलदली रास्तों और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद पुलिस टीम ने आरोपियों की निशानदेही पर करीब तीन फीट गड्ढा खोदकर वहां छुपा हुआ माल बरामद किया।

गौरतलब है कि पांच बदमाशों के इस अंतरराज्जीय गिरोह ने 29 जुलाई 2026 की रात पंचवटी स्थित नवीन ज्वैलर्स शोरूम से सोने, चांदी और हीरे के जेवर और नकदी चोरी किए थे। चोरी हुई ज्वैलरी की कीमत करीब 1 करोड़ रूपए आंकी गयी थी।

पुलिस जांच में सामने आया कि गैंग ने चोरी की वारदात की योजना पहले से बना रखी थी। वारदात से करीब दो महीने पहले मनोज उर्फ डॉक्टर वर्मा और आनंद वर्मा उदयपुर में मजदूरी करने आए थे। इसी दौरान उन्होंने नवीन ज्वैलर्स शोरूम की रेकी की।

इसके बाद पूरी गैंग योजनाबद्ध तरीके से उदयपुर पहुंची। आरोपियों ने गुमानिया नाले के रास्ते पैदल पहुंचकर शोरूम में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (7073401584 / 9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

Exit mobile version