चिकित्सा शिक्षा में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मान
उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। शिक्षक दिवस के अवसर पर उदयपुर स्थित गीतांजली मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, गीतांजली यूनिवर्सिटी की एडिशनल प्रिंसिपल डॉ. मंजिंदर कौर को चिकित्सा शिक्षा, विद्यार्थियों के मार्गदर्शन और प्रभावी शिक्षण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘बेस्ट टीचर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। | Dr Manjinder Kaur Best Teacher Award
यह सम्मान एमईयू इंडिया (नेशनल बॉडी ऑफ मेडिकल एजुकेशनिस्ट्स) द्वारा प्रदान किया गया। डॉ. मंजिंदर कौर को चिकित्सा शिक्षा में उनके निरंतर समर्पण, विद्यार्थियों की अकादमिक एवं व्यक्तिगत प्रगति के लिए किए गए मार्गदर्शन तथा आधुनिक शिक्षण पद्धतियों के प्रभावी उपयोग के लिए यह सम्मान मिला।
‘मेंटोरशिप की परिवर्तनकारी शक्ति’ पर दिया व्याख्यान
सम्मान समारोह के दौरान डॉ. मंजिंदर कौर ने “कल के चिकित्सकों को सशक्त बनाना: चिकित्सा शिक्षा में मार्गदर्शन (मेंटोरशिप) की परिवर्तनकारी शक्ति” विषय पर व्याख्यान भी दिया।
उन्होंने चिकित्सा शिक्षा में प्रभावी मेंटोरशिप की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि एक अच्छा शिक्षक और मार्गदर्शक विद्यार्थियों के भविष्य को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। बेहतर मार्गदर्शन मेडिकल विद्यार्थियों को केवल कुशल और आत्मविश्वासी चिकित्सक बनाने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि उनके भीतर संवेदनशीलता, मानवीय दृष्टिकोण और जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करता है।

