Site iconSite icon AR Live News

डेंगू और स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए सघन सर्वे के निर्देश

rajasthan-seasonal-diseases-dengue-swine-flu-survey-monitoringrajasthan-seasonal-diseases-dengue-swine-flu-survey-monitoring

जयपुर,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान में डेंगू, चिकनगुनिया, मलेरिया और स्वाइन फ्लू सहित मौसमी बीमारियों की रोकथाम को लेकर चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने प्रभावित क्षेत्रों में सघन सर्वे, विशेष मॉनिटरिंग और रोकथाम गतिविधियों को तेज करने के निर्देश दिए हैं।

स्वास्थ्य भवन में आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में मौसमी बीमारियों, स्वाइन फ्लू की स्थिति और विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की गई। प्रमुख शासन सचिव ने कहा कि रेपिड रेस्पांस टीमों की कार्रवाई के साथ एंटीलार्वा गतिविधियां, सोर्स रिडक्शन और मच्छर नियंत्रण अभियान की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। सर्वे कार्य में तेजी लाने के लिए राजकीय एवं निजी नर्सिंग कॉलेजों से भी आवश्यक सहयोग लिया जाएगा।

गायत्री राठौड़ ने निर्देश दिए कि स्वाइन फ्लू, डेंगू और अन्य मौसमी बीमारियों के पॉजिटिव मरीजों की नियमित रूप से 14 दिन तक निगरानी की जाए और उनका पूर्ण उपचार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही मरीजों के संपर्क में आए लोगों को एहतियातन आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

चिकित्सा संस्थानों को दवाओं, जांच किट्स और आवश्यक उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार स्वाइन फ्लू और डेंगू मरीजों के लिए अलग आइसोलेशन वार्ड आरक्षित रखने को कहा गया है।

स्वाइन फ्लू से अधिक प्रभावित क्षेत्रों, विशेषकर कच्ची बस्तियों और कोचिंग हब वाले जिलों में हॉस्टलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इन क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान, सघन सर्वे और मच्छररोधी गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जाएंगी।

बैठक में उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं के प्रबंधन, प्रसव और मातृ मृत्यु मामलों की भी समीक्षा की गई। भरतपुर और बीकानेर जोन में एनीमिया प्रबंधन की कम प्रगति पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

मिशन निदेशक एनएचएम जोगाराम ने बच्चों के टीकाकरण में मीजल्स-रूबेला की दोनों डोज और एचपीवी वैक्सीन कवरेज बढ़ाने पर जोर दिया। अधिकारियों को जिला शिक्षा विभाग के समन्वय से एचपीवी वैक्सीनेशन शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version