Site iconSite icon AR Live News

सुखेर और भींडर में अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश, 21 बाइक बरामद

udaipur-police-21-stolen-bikes-recovered-sukher-bhindarudaipur-police-21-stolen-bikes-recovered-sukher-bhindar

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर जिले में दुपहिया वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में सुखेर और भींडर थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए 21 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। सुखेर पुलिस ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर 12 बाइक बरामद की हैं, जबकि भींडर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर 9 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। | udaipur vehicle theft gang

सुखेर थाना क्षेत्र के अम्बेरी निवासी खेमराज पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 21 अगस्त 2026 की रात उनकी हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल चोरी हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

थानाधिकारी अमरसिंह के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी इंटेलिजेंस और मुखबिर तंत्र के आधार पर पुलिस ने मोदाराम पुत्र सवा राम, निवासी पाली को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने सुखेर सहित विभिन्न इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

बरामद वाहनों में हीरो स्प्लेंडर प्लस, एचएफ डीलक्स, यामाहा एमटी और अपाची जैसी बाइक शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक ये वाहन देलवाड़ा, देबारी, आयड़, डाबा बेकरिया, काली मगरी, रामनगर सुमेरपुर, पालनपुर गुजरात, जोधपुर और उदयपुर के विभिन्न इलाकों से चोरी किए गए थे। कुछ वाहनों के चेचिस नंबर भी घिसे हुए मिले।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपने साथियों के साथ एक बाइक पर सवार होकर अलग-अलग इलाकों में जाते थे। वहां खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करने के बाद मौका मिलते ही मास्टर चाबी अथवा अन्य तरीके से लॉक खोलकर बाइक चोरी कर लेते थे। चोरी की गाड़ियों को बाद में गांव के पास भीमाणा के जंगलों में छिपा दिया जाता था, ताकि उन्हें बाद में बेचने की कोशिश की जा सके। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है।

इसी अभियान के तहत भींडर थाना पुलिस ने भी दो शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खैरवाड़ा रजत बिश्नोई और पुलिस उप अधीक्षक वल्लभनगर श्रवणदास संत के सुपरविजन में थानाधिकारी मुकेश चन्द्र के नेतृत्व में की गई।

पुलिस ने बाइक चोरी के दर्ज मामले में सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र के आधार पर जांच की।

पुलिस ने बाइक चोर गिरोह के 19 वर्षीय राहुल पुत्र प्रकाश, निवासी मंगलवाड़ चौराहा, चित्तौड़गढ़ और 23 वर्षीय दशरथ उर्फ गोविंदा पुत्र लक्ष्मीलाल, निवासी आमली चौराहा, निम्बाहेड़ा, चित्तौड़गढ़ को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी मंदिरों और सार्वजनिक स्थानों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही मास्टर चाबी से बाइक का लॉक खोलकर उसे चोरी कर लेते थे। पुलिस से बचने के लिए नंबर प्लेट तोड़ने तथा इंजन और चेचिस नंबरों से छेड़छाड़ करने के बाद चोरी की गाड़ियों को सालेड़ा, सापेड़ा और जंगलों के सुनसान इलाकों में छिपाया जाता था।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version