उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। बांसवाड़ा में हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय युवक की जान गीतांजलि मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, उदयपुर के चिकित्सकों ने करीब छह घंटे चली जटिल सर्जरी के बाद बचा ली। हादसे में करीब 18 इंच लंबी लोहे की रॉड युवक के सीने को चीरते हुए अंदर तक धंस गई थी। रॉड से छाती की दीवार, महत्वपूर्ण रक्त वाहिकाओं और फेफड़े को गंभीर चोट पहुंची थी। अंदरूनी रक्तस्राव के साथ हृदय पर भी दबाव पड़ रहा था। | geetanjali hospital udaipur | trauma surgery
ऑटो और बुलेट की आमने-सामने टक्कर
जानकारी के अनुसार बांसवाड़ा में ऑटो और बुलेट मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई थी। हादसा इतना गंभीर था कि ऑटो के साइड-व्यू मिरर से जुड़ी लोहे की रॉड युवक की छाती में घुस गई। रॉड के अंदर तक चले जाने से मरीज की स्थिति बेहद गंभीर हो गई और उसे तत्काल उच्चस्तरीय चिकित्सा के लिए उदयपुर स्थित गीतांजलि हॉस्पिटल रेफर किया गया।
अस्पताल पहुंचते ही ऑपरेशन की तैयारी
मरीज की गंभीर स्थिति को देखते हुए गीतांजलि हॉस्पिटल पहुंचते ही चिकित्सकों ने बिना समय गंवाए उपचार शुरू किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मरीज को तत्काल ऑपरेशन थिएटर में ले जाया गया। कार्डियक सर्जरी, कार्डियक एनेस्थीसिया, ओटी और आईसीयू टीम ने समन्वय के साथ उपचार प्रक्रिया शुरू की।
छह घंटे चली चुनौतीपूर्ण सर्जरी
रात में शुरू हुआ ऑपरेशन करीब छह घंटे तक चला। सर्जरी के दौरान चिकित्सकों ने बेहद सावधानी से सीने में फंसी लोहे की रॉड को बाहर निकाला। इसके बाद क्षतिग्रस्त रक्त वाहिकाओं, छाती की दीवार और फेफड़े की चोटों की मरम्मत की गई।
सर्जरी के दौरान अंदरूनी रक्तस्राव को नियंत्रित करना और हृदय पर पड़ रहे दबाव को कम करना चिकित्सकों के सामने सबसे बड़ी चुनौतियों में शामिल रहा।
डॉ. संजय गांधी के नेतृत्व में टीम ने किया सफल ऑपरेशन
इस जटिल सर्जरी को कार्डियक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. संजय गांधी के नेतृत्व में डॉ. शोभित माथुर, डॉ. सागर और डॉ. बृजेश की सर्जिकल टीम ने सफलतापूर्वक पूरा किया।
कार्डियक एनेस्थेटिस्ट डॉ. कल्पेश और डॉ. सुमित ने ऑपरेशन के दौरान मरीज की स्थिति को स्थिर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ओटी और आईसीयू टीम के समन्वित प्रयासों से गंभीर हालत में पहुंचे युवक का सफल उपचार संभव हो सका।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

