घरेलू बिजली कनेक्शन की फाइल आगे बढ़ाने के बदले मांगे थे 15 हजार रुपये, एसीबी ने देबारी कार्यालय में की ट्रैप कार्रवाई
उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) उदयपुर ने कार्रवाई करते हुए विद्युत वितरण निगम (AVVNL) उदयपुर के देबारी कार्यालय के जूनियर इंजीनियर (जेईएन) सागर मीणा को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी जेईएन पर निर्माणाधीन मकान में घरेलू विद्युत कनेक्शन उपलब्ध कराने और फाइल आगे बढ़ाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। | udaipur acb arrest AVVNL JEn
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी उदयपुर को शिकायत मिली थी कि परिवादी के गांव खाम की मादड़ी (देबारी) स्थित निर्माणाधीन मकान पर घरेलू बिजली कनेक्शन लगाने की एवज में आरोपी रिश्वत की मांग कर रहा है।
35 हजार रुपये खर्चा-पानी के रूप में मांगे
परिवादी ने एसीबी को दी शिकायत में बताया कि उसने अपने निर्माणाधीन मकान के लिए घरेलू विद्युत कनेक्शन लेने हेतु ई-मित्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया था। इसके बाद 18 अगस्त 2026 को आरोपी जेईएन सागर मीणा और लाइनमैन प्रेमजी ने मौके पर पहुंचकर सर्वे किया।
सर्वे के दौरान विद्युत कनेक्शन के लिए डीपी और पोल लगाए जाने की आवश्यकता बताई गई। आरोप है कि इसके बाद जेईएन ने सरकारी डिमांड राशि के अतिरिक्त 35 हजार रुपये खर्चा-पानी के रूप में देने की मांग की।
रिश्वत के बगैर नहीं बढ़ेगी फाइल
परिवादी जब अपने मित्र के साथ आरोपी से मिला तो बातचीत के दौरान कथित तौर पर रिश्वत की रकम कम कर 15 हजार रुपये कर दी गई। आरोपी ने कथित रूप से कहा कि रिश्वत की राशि दिए बिना बिजली कनेक्शन की फाइल आगे नहीं बढ़ाई जाएगी।
शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने रिश्वत मांग की पुष्टि के लिए सत्यापन कराया। एसीबी के अनुसार सत्यापन के दौरान आरोपी ने परिवादी से 5 हजार रुपये रिश्वत के रूप में प्राप्त कर लिए थे और शेष 10 हजार रुपये बाद में लेने की बात तय हुई।
देबारी स्थित कार्यालय में 10 हजार लेते पकड़ा गया
इसके बाद एसीबी ने ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के उप महानिरीक्षक पुलिस डॉ. रामेश्वर सिंह के पर्यवेक्षण में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनन्त कुमार के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक रामसुमेर मीणा और उनकी टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
एसीबी टीम ने आरोपी सागर मीणा को उसके देबारी स्थित एवीवीएनएल कार्यालय में परिवादी से शेष 10 हजार रुपये नकद रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। udaipur acb arrest AVVNL JEn
उदयपुर और बांसवाड़ा स्थित ठिकानों की तलाशी
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव और महानिरीक्षक एस. परिमला के पर्यवेक्षण में आरोपी से पूछताछ की जा रही है। साथ ही आरोपी के उदयपुर और बांसवाड़ा स्थित आवासीय मकान एवं फ्लैट की सघन तलाशी भी की जा रही है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

