शुद्ध आहार–मिलावट पर वार
जयपुर,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग ने जयपुर और अलवर में बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान जयपुर में 2,865 किलो दूषित एवं खराब मिठाइयां नष्ट कराई गईं, जबकि अलवर में जांच रिपोर्ट आने तक 10,070 किलो मसाले जब्त किए गए। Rajasthan food adulteration crackdown | Shuddh Aahar–Milawat Par War campaign in rajasthan
प्रमुख शासन सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य गायत्री राठौड़ ने कहा कि “शुद्ध आहार–मिलावट पर वार” अभियान पूरे राजस्थान में लगातार जारी रहेगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन तथा अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह और संयुक्त आयुक्त डॉ. विजय प्रकाश शर्मा के सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई। | Rajasthan food adulteration crackdown
जयपुर में 1,605 किलो सड़ी मिठाइयां नष्ट
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य आयुक्त ने बताया कि सांगानेर के असावाला स्थित शंकर लाल मावा वाले एंड केटर्स प्रा. लि. के कारखाने में खाद्य सुरक्षा टीम को 107 जंग लगे टीनों में करीब 1,605 किलो सड़ी और दुर्गंधयुक्त मिठाइयां मिलीं। निरीक्षण के दौरान चाशनी में कीड़े, अत्यधिक गंदगी और खाद्य सामग्री के पास एसिड के कैन सहित कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
टीम ने मौके पर पूरी मिठाई नष्ट कराई और मावा तथा काजू कतली के नमूने जांच के लिए लिए।
बगरू में 1,260 किलो मिठाई नष्ट
ग्राम घेघा, बगरू स्थित श्री श्याम स्वीट एवं मिल्क केक पर भी खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई की। यहां करीब 1,260 किलो मिल्क केक और डोडा बर्फी नष्ट कराई गई।
जांच के दौरान निर्माण इकाई बिना खाद्य लाइसेंस संचालित पाई गई। विभाग ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवा दिया।
अलवर में 10,070 किलो मसाले जब्त
अलवर के एमआईए क्षेत्र स्थित सप्तऋषि गोल्ड स्पाइसेज से धनिया, हल्दी, मिर्च और मिश्रित मसालों के 8 नमूने जांच के लिए लिए गए। जांच रिपोर्ट आने तक विभाग ने कुल 10,070 किलो मसाले जब्त किए।
जब्त सामग्री में 4,500 किलो धनिया, 3,000 किलो हल्दी, 2,400 किलो मिर्च, 170 किलो मिश्रित मसाले शामिल हैं। विभाग ने असुरक्षित पाए गए धनिया पाउडर के बैच नंबर AS-159 के लिए रिकॉल के निर्देश भी जारी किए हैं।
खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई
अतिरिक्त आयुक्त भगवत सिंह ने बताया कि फील्ड टीमों को प्रदेशभर में सघन निरीक्षण अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई में खाद्य लाइसेंस के विरुद्ध कदम उठाने, असुरक्षित खाद्य सामग्री को नष्ट करने और अन्य वैधानिक कार्रवाई का प्रावधान है। नमूनों की जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित फर्मों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य तथ्य: जयपुर में कुल 2,865 किलो दूषित मिठाइयां नष्ट की गईं, जबकि अलवर में 10,070 किलो मसाले जांच रिपोर्ट तक जब्त किए गए। यह कार्रवाई राजस्थान में मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी अभियान का हिस्सा है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

