Site iconSite icon AR Live News

जीएसटी की एल्युमिनियम कंडक्टर कारोबारी पर कार्रवाई

rajasthan gst department actionrajasthan gst department action

1.64 करोड़ की संभावित कर देयता का हुआ खुलासा

जयपुर, एआर लाइव न्यूज। वाणिज्यिक कर विभाग ने जीएसटी अनुपालन सुनिश्चित करने और कर राजस्व की सुरक्षा के लिए जयपुर के बगरू स्थित एल्युमिनियम कंडक्टर कारोबारी फर्म एसआरएसएम एसोसिएट्स के व्यावसायिक परिसरों पर सर्वे एवं निरीक्षण की कार्रवाई की। विभागीय जांच में करीब 1.64 करोड़ रुपये की संभावित कर देयता सामने आई है।

फर्म का कारोबार एसीएसआर कंडक्टर, एल्युमिनियम कंडक्टर और वायर से संबंधित है। विभाग की टीम ने फर्म के मुख्य व्यवसाय स्थल जी-22, रीको इंडस्ट्रियल एरिया एक्सटेंशन फेज-2, बगरू, जयपुर तथा अतिरिक्त व्यवसाय स्थल प्लॉट नंबर-1, सोलिटेयर इंडस्ट्रियल पार्क, बगरू पर जांच की।

प्रारंभिक जांच में करयोग्य वस्तुओं की आपूर्ति के मुकाबले जीएसटी का भुगतान नहीं किए जाने से संबंधित अनियमितता सामने आई। सर्वे के दौरान फर्म द्वारा उपलब्ध कराए गए बिक्री और खरीद से जुड़े दस्तावेजों सहित अन्य अभिलेखों की जांच की गई। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार कर नियमानुसार तलाशी एवं निरीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई।

विभागीय टीम ने दोनों व्यावसायिक परिसरों में उपलब्ध माल के भौतिक स्टॉक का सत्यापन भी किया। जांच में सामने आए तथ्यों और उपलब्ध रिकॉर्ड के आधार पर लगभग 1.64 करोड़ रुपये की संभावित कर देयता निर्धारित की गई है।

संबंधित करदाता ने संभावित देय राशि जमा कराने के संबंध में विभाग को अंडरटेकिंग प्रस्तुत की है। हालांकि, कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का माल अथवा अभिलेख जब्त नहीं किया गया।

मामले में आगे की जांच और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए करदाता को सीजीएसटी/आरजीएसटी अधिनियम के तहत समन जारी किया गया है।

वाणिज्यिक कर विभाग के अनुसार प्रदेश में कर अनुपालन सुनिश्चित करने, राजस्व संरक्षण और कर चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए ऐसे मामलों में सर्वे एवं जांच की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version