उदयपुर, एआर लाइव न्यूज। राजस्थान के राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 में इस बार उदयपुर की दो शख्सियतों का सम्मान किया जाएगा। इन दोनों ही शख्सियत ने अपने जुनून से उदयपुर का नाम देश और विदेशों में रोशन किया है। अर्थ डायग्नोस्टिक्स के सीईओ एवं पैनेशिया डिसेबिलिटी राइट्स एक्टिविस्ट्सडॉ. अरविंदर सिंहको समाजसेवा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा सम्मानित किया जाएगा। Udaipur Dr Arvinder Singh will Honoured by CM in Rajasthan State Level Independence Day 2026
वहीं उदयपुर की पर्वतारोही मनस्वी अग्रवाल को विश्व के सर्वोच्च पर्वत शिखर माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराने सहित कई अंतर्राष्ट्रीय पर्वतारोहण अभियानों में सफलता पूर्वक पूरा करने की ऐतिहासिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा। राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त 2026 शनिवार को बीकानेर के डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित होगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर ध्वजारोहण करेंगे।
समाजसेवा के लिए डॉ. अरविंदर सिंह का सम्मान
उदयपुर के डॉ. अरविंदर सिंह को समाजसेवा और सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए राज्य स्तरीय समारोह में सम्मान मिलेगा। डॉ. सिंह लगातार सामाजिक मुद्दों को लेकर सक्रिय रहे हैं और विशेष रूप से दिव्यांगजनों के अधिकार, सुगम्यता और समावेशी पर्यटन जैसे विषयों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं।
उदयपुर के पर्यटन स्थलों को दिव्यांगजनों के लिए अधिक सुलभ बनाने की दिशा में भी डॉ. अरविंदर सिंह ने प्रशासन के समक्ष कई महत्वपूर्ण सुझाव रखे हैं। उनके सम्मान को उदयपुर के सामाजिक क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
पर्वतारोहण के क्षेत्र में मनस्वी अग्रवाल की उपलब्धियां
समारोह में उदयपुर की पर्वतारोही मनस्वी अग्रवाल को भी सम्मानित किया जाएगा। मनस्वी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्वतारोहण में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मनस्वी विश्व के सात महाद्वीपों में से पांच महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों पर भारतीय ध्वज फहराने वाली राजस्थान की प्रथम महिला हैं। वे विश्व के सर्वोच्च पर्वत शिखर माउंट एवरेस्ट (8848 मीटर), अंटार्कटिका महाद्वीप के सर्वोच्च शिखर “माउंट विन्सन मैसिफ”, यूरोप महाद्वीप की सर्वोच्च चोटी “माउंट एलब्रस”, अफ्रीका की सर्वोच्च चोटी “किलीमंजारो” तथा दक्षिणी अमेरिका की सर्वोच्च चोटी “माउंट अकोंकागुआ” पर तिरंगा फहराकर फतह हासिल कर चुकी हैं।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा करेंगे ध्वजारोहण
राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा सुबह 8:55 बजे शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित करेंगे। इसके बाद सुबह 9:05 बजे डॉ. करणी सिंह स्टेडियम में आयोजित राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर ध्वजारोहण करेंगे।
मुख्यमंत्री सुबह 11:25 बजे जल विज्ञान एवं जल प्रबंधन संस्थान सभागार में आयोजित ‘युवा संवाद विकसित राजस्थान-2047’ कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
राजस्थान पुलिस के 16 अधिकारियों-कर्मचारियों को भी पुलिस पदक
स्वतंत्रता दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राजस्थान पुलिस के 16 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुलिस पदक देने की घोषणा की है। इनमें दो अधिकारियों को विशिष्ट सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, जबकि 14 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक प्रदान किया जाएगा।
राष्ट्रपति पुलिस पदक के लिए एसीपी आमेर सुरेंद्र सिंह राणावत और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीआईडी विशेष शाखा महेंद्र कुमार भगत के नाम शामिल हैं।
राजस्थान पुलिस के पुलिस पदक प्राप्त करने वाले 14 अधिकारियों-कर्मचारियों में विभिन्न इकाइयों के अधिकारी और जवान शामिल हैं। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी पदक विजेताओं को बधाई दी है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

