Site iconSite icon AR Live News

यूडीए वाले यूडीए वालों के नहीं हुए, जनता का क्या भला करेंगे ?

udauda

देवेंद्र शर्मा,उदयपुर (एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर विकास प्राधिकरण (यूडीए) की लेखा शाखा(Accounts Section) की कार्यप्रणाली को लेकर सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों में नाराजगी सामने आई है। यूडीए के 117 रिटायर्ड कार्मिक कई दिनों से पेंशन की राशि का इंतजार कर रहे थे। इनकी जून-जुलाई की पेंशन बकाया है। आरोप है कि पेंशन भुगतान में देरी के बावजूद संबंधित शाखा के जिम्मेदार अधिकारियों के पास यह स्पष्ट जवाब नहीं था कि बकाया राशि उनके खातों में कब तक जमा होगी। यूडीए के लेखा अधिकारियों की जयपुर शिकायत पहुंचने पर 56 के खातों में पेंशन राशि जमा हुई है। | UDA udaipur pension delay for retired employees | latest news UDA udaipur

पेंशन भूगतान की यह परेशानी एआर लाइव न्यूज द्वारा कलेक्टर और जयपुर उच्च अधिकारियों तक पहुंचाई गई। जिसके बाद यूडीए की लेखा-शाखा हरकत में आयी और भुगतान प्रक्रिया शुरू हुई।

पेंशन को लेकर परेशान इन सेवानिवृत्त कार्मिकों में यूडीए में विभिन्न पदों पर सेवाएं दे चुके अधिकारी-कर्मचारी शामिल हैं। इनमें चीफ इंजीनियर, एडिशनल चीफ इंजीनियर, एलडीसी, यूडीसी, ड्राइवर और वेल्डर सहित अन्य पदों से सेवानिवृत्त हुए कार्मिक बताए जा रहे हैं। यह स्थिति तब है जब यूडीए के कर्मचारियों के पेंशन फंड में पैसे की कोई कमी नहीं है। | UDA udaipur pension delay for retired employees

शिकायत जयपुर तक पहुंची तो हरकत में आई लेखा शाखा

पेंशन भुगतान में देरी की शिकायत यूडीए आयुक्त अभिषेक खन्ना, जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल और जयपुर सचिवालय में उच्च अधिकारियों तक पहुंची। इसके बाद यूडीए की लेखा शाखा में भुगतान प्रक्रिया तेज हुई। सोमवार को 117 में से 56 सेवानिवृत्त कार्मिकों के खातों में पेंशन की राशि ट्रांसफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, शेष रिटायर्ड कार्मिकों को भुगतान कब तक मिलेगा, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं होने से उनकी चिंता बनी हुई है। | UDA pension delay for retired employees

पेंशन के साथ-साथ यूडीए के एक सेवानिवृत्त एडिशनल चीफ इंजीनियर का जीपीएफ भुगतान भी लंबे समय से लंबित होने का मामला सामने आया है। संबंधित अधिकारी ने यूडीए में लंबे समय तक सेवाएं दीं और एडिशनल चीफ इंजीनियर के पद से सेवानिवृत्त हुए।

उनके अनुसार, जीपीएफ की राशि हर महीने 25 तारीख को यूडीए के खाते में जमा हो जाती थी, लेकिन सेवानिवृत्ति के सात महीने से अधिक समय बीतने के बावजूद जीपीएफ की राशि उनके व्यक्तिगत खाते में जमा नहीं हुई है। उन्होंने व्यक्तिगत स्तर पर भी भुगतान के लिए प्रयास किए, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं होने की बात कही है।

सेवानिवृत्ति के बाद पेंशन और जीपीएफ जैसी राशि संबंधित कार्मिकों के लिए बेहद महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में भुगतान प्रक्रिया में देरी से रिटायर्ड कर्मचारियों को आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

यूडीए के अपने ही सेवानिवृत्त अधिकारियों-कर्मचारियों को पेंशन और जीपीएफ जैसी राशि के लिए इंतजार करना पड़ रहा है तो इससे लेखा शाखा की कार्यप्रणाली और भुगतान व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। अब देखना होगा कि शेष 61 रिटायर्ड कार्मिकों की पेंशन और लंबित जीपीएफ भुगतान कब तक जारी किया जाता है।

लेखा शाखा के अधिकारियों को व्यवहार सुधारने की भी जरूरत

यूडीए की लेखा शाखा के कुछ अधिकारियों के रूखे व्यवहार से आमजन भी परेशान रहते है। आमजन को लेखा शाखा के कुछ अधिकारी सीधे मुँह किसी बात का सही जवाब देते नजर नहीं आते है। आमजन की यूडीए के उच्च अधिकारियों की पहुंच आसान नहीं होने से लेखा शाखा की हकीकत यूडीए आयुक्त, सचिव या चेयरमैन तक पहुंच नहीं पाती है।

मुख्य बिंदु

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version