Site iconSite icon AR Live News

स्कूल बस में भीषण आग, 17 बच्चे सवार थे, बड़ा हादसा टला

jaisalmer-school-bus-fire-17-students-safe-dhauwa-villagejaisalmer-school-bus-fire-17-students-safe-dhauwa-village

जैसलमेर,एआर लाइव न्यूज। जैसलमेर में मंगलवार सुबह स्कूल जा रही एक बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे के वक्त बस में 17 बच्चे सवार थे। बस के इंजन की तरफ से धुआं निकलता देखकर चालक ने तत्काल बस को सड़क किनारे रोक दिया और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही देर में आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बच्चों के स्कूल बैग, किताबें और सामान सहित बस पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गई।

घटना जैसलमेर के सदर थाना क्षेत्र में धऊवा गांव के पास हुई। सदर थाना प्रभारी महेंद्र कुमार सीरवी ने बताया कि घटना में सभी बच्चे सुरक्षित हैं। बच्चों को उनके परिजनों के साथ घर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गड्ढे में पहिया आने के बाद बस में लगा जोरदार झटका

पुलिस के अनुसार, स्कूल बस पिथला गांव से विद्यार्थियों को लेकर डाबला रोड स्थित एक निजी स्कूल की ओर जा रही थी। स्कूल शहर से करीब 12 किलोमीटर दूर बताया गया है। धऊवा गांव के पास सड़क पर बने गड्ढे में बस का अगला पहिया आने से अचानक जोरदार झटका लगा।

इसके बाद बस के इंजन वाले हिस्से से धुआं उठने लगा। प्रारंभिक जांच में बस की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

चालक की सूझबूझ से सभी 17 बच्चे सुरक्षित

बस से धुआं और आग की लपटें निकलती देखकर चालक ने बिना देर किए बस रोक दी। उसने तत्काल गेट खोला और सभी 17 बच्चों को एक-एक कर बस से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने भी बच्चों को बस से दूर ले जाने में मदद की।

चालक ने आग पर खुद काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण वह सफल नहीं हो सका। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।

दमकल की तीन गाड़ियों ने बुझाई आग

बस में आग लगने की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर परिषद के अग्निशमन विभाग को जानकारी दी गई। इसके बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायरकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।

आग बुझने तक बस का अधिकांश हिस्सा पूरी तरह जल चुका था। हादसे में किसी भी बच्चे को चोट नहीं लगी। हालांकि, बस में रखे स्कूल बैग, किताबें और बच्चों का अन्य सामान जलकर राख हो गया।

बड़ा हादसा टला

स्कूल बस में आग लगने की घटना के बाद कुछ समय के लिए मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। समय रहते चालक द्वारा सभी बच्चों को बस से बाहर निकाल लिए जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया। बस में आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version