सांवलियाजी मंदिर कमेटी ने बनाई रणनीति
चित्तौड़गढ़, एआर लाइव न्यूज। श्री सांवलियाजी मंदिर मंडल, मण्डफिया की ओर से मंदिर विकास, आगामी धार्मिक आयोजनों एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर गोकुल विश्रांति गृह में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव ने की। बैठक में आगामी हरियाली अमावस्या, जन्माष्टमी एवं जलझूलनी एकादशी मेले की तैयारियों के साथ मंदिर विकास से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा की गई। | Shri sanwaliya seth mandir mandal trust meeting for hariyali amavas janmashtami jal jhulni ekadashi mela | chittorgarh news
मंदिर मंडल अध्यक्ष हजारीदास वैष्णव ने बताया कि बैठक में आगामी मेलों के दौरान श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा एवं आपातकालीन व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने यातायात नियंत्रण और भीड़ प्रबंधन के लिए आवश्यक इंतजाम करने के सुझाव दिए। मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पृथक थाना स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसके साथ ही पर्याप्त संख्या में आरएसी एवं होमगार्ड जवानों की तैनाती तथा डीएफएमडी और एचएचएमडी की संख्या बढ़ाने पर चर्चा हुई।
जन्माष्टमी को लेकर भी कार्यक्रम तय
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए क्लॉक रूम, लॉकर एवं जूता स्टैंड की बेहतर व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया। हरियाली अमावस्या के अवसर पर भजन संध्या, कतारबद्ध दर्शन और पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक तैयारियां करने पर सहमति बनी।
बैठक में जन्माष्टमी पर्व को लेकर भी कार्यक्रम तय किए गए। 4 सितंबर को जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर में प्राकृतिक फूलों से आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। इस दौरान भजन संध्या का आयोजन तथा श्रद्धालुओं को पंजरी प्रसाद का वितरण किया जाएगा।
21 सितंबर को कवि सम्मेलन होगा
जलझूलनी एकादशी के अवसर पर 21 से 23 सितंबर तक तीन दिवसीय मेले का आयोजन होगा। मेले के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
- 21 सितंबर को बाईपास स्टेज पर अखिल भारतीय विराट कवि सम्मेलन होगा। इसके अलावा मीरा रंगमंच एवं गोवर्धन रंगमंच पर भी सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
- 23 सितंबर को दिव्यांगजनों को मोटराइज्ड स्कूटी तथा मंदिर परिक्षेत्र के 16 गांवों के मेधावी विद्यार्थियों को पारितोषिक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
बैठक में मंदिर क्षेत्र के विकास से जुड़े कई प्रस्ताव भी रखे गए। पार्किंग स्थल पर प्रसाद काउंटर, मण्डफिया में ई-लाइब्रेरी एवं कौशल विकास केंद्र शुरू करने, गोबर-गोमूत्र से विभिन्न उपयोगी उत्पाद तैयार करने तथा साधु-संतों के लिए विश्राम गृह निर्माण पर चर्चा हुई। उप जिला चिकित्सालय में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और मल्टीस्टोरी नवीन स्टाफ कॉलोनी के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया।
16 गांवों के विकास कार्यों के प्रस्ताव पर भी बनी सहमति
इसके अलावा मंदिर के शेष 16 गांवों में सामुदायिक भवन, सरकारी विद्यालयों में कक्ष-कक्ष एवं शौचालय निर्माण, संपर्क सड़कों के विकास तथा प्रमुख मार्गों पर दिशा-सूचक बोर्ड लगाने के प्रस्तावों पर भी सहमति बनी। बैठक में मंदिर विकास के साथ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और आगामी धार्मिक आयोजनों को व्यवस्थित एवं सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
बैठक में मन्दिर बोर्ड सदस्य किशनलाल अहीर, मिहूलाल जाट, रामलाल गुर्जर, हरिराम गाडरी, पवन तिवारी एवं सीईओ व सदस्य सचिव दिनेशचन्द धाकड, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ गजेन्द्र सिंह जोधा, देवस्थान विभाग के सहायक आयुक्त जतिन गांधी, लेखाधिकारी रामसिंह गुर्जर, सहायक इंजीनियर (अतिरिक्त प्रभार) रोहित मेहता, पुलिस उप अधीक्षक, भदेसर विनोद कुमार, प्रशासनिक अधिकारी भूपेन्द्र कुमार, कनिष्ठ लेखाधिकारी राजेन्द्र सिंह सहित श्री साँवलियाजी मंदिर मण्डल, मण्डफिया सदस्य उपस्थित रहे।

