उदयपुर में इलाज के दौरान तोड़ा दम
भीलवाड़ा/उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। राजस्थान पुलिस के भीलवाड़ा जिले में सदर थानाधिकारी लोकपाल सिंह का बुधवार सुबह निजी हॉस्पिटल में इलाज के दौरान निधन हो गया। लोकपाल मंगलवार शाम नाकाबंदी ड्यूटी के लिए घर पर वर्दी पहन रहे थे, तभी उनकी सर्विस रिवॉल्वर अचानक चल गयी और गोली उनकी कनपटी में लगकर सिर के आर-पार निकल गई। | Bhilwara police inspector Lokpal Singh Death
परिजनों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें तत्काल महात्मा गांधी अस्पताल और फिर रामस्नेही अस्पताल पहुंचाया। उनकी गंभीर हालत देख भीलवाड़ा एसपी के निर्देश पर उन्हें ग्रीन कॉरिडोर बनाकर एम्बुलेंस से रात करीब 1 बजे उदयपुर के निजी हॉस्पिटल पहुंचाया। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने उनका इलाज किया। लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद बुधवार सुबह करीब 4 बजे उनका निधन हो गया।
पुलिस महकमे में शोक की लहर
सीआई लोकपाल सिंह के निधन की खबर से भीलवाड़ा और उदयपुर सहित पूरे राजस्थान पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। साथी अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। पुलिस विभाग की ओर से उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है।
संध्याकालीन नाकाबंदी के लिए तैयार हो रहे थे
जानकारी के अनुसार थानाधिकारी लोकपाल सिंह संध्याकालीन नाकाबंदी के लिए वर्दी पहन रहे थे। उन्होंने थाने की गाड़ी भी घर बुला ली थी और वर्दी पहन निकलने ही वाले थे। वे वर्दी पहन रहे थे, तभी अचानक सर्विस रिवॉल्वर का ट्रिगर दब गया और गोली उनके कनपटी में लगती हुई सिर के आर-पार निकल गयी। गोली की आवाज सुनकर पत्नी ने देखा तो लोकपाल लहुलुहान पड़े थे। पत्नी ने पुलिस को जानकारी दी और उन्हें अस्पताल ले जाया गया।।

