Site iconSite icon AR Live News

उदयपुर: सेटबैक विवाद में हत्या, जैन समाज धरने पर बैठा, आरोपी वकील सहित तीन गिरफ्तार

udaipur-murder-case-accused-arrest-jain-community-protest-uda-illegal-construction-demolishudaipur-murder-case-accused-arrest-jain-community-protest-uda-illegal-construction-demolish

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर शहर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र के सुंदरवास ओस्तवाल नगर में निर्माणाधीन मकान के सेटबैक विवाद को लेकर मंगलवार शाम पड़ोसी बुजुर्ग सागरमल मेहता के साथ मारपीट कर हत्या कर दी गयी। हत्या का आरोप वकील प्रवीण सिंह आसोलिया, अनुराग राव सहित अन्य पर है। घटना के विरोध में बुधवार को आक्रोशित जैन समाज ने परिजनों के साथ प्रतापनगर थाने के बाहर और मोरचरी में हंगामा कर दिया। परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग, अवैध निर्माण को तोड़ने और परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की।

एडि.एसपी उमेश ओझा ने बताया कि हत्या के आरोप में प्रवीण सिंह आसोलिया, कृष्णराज सिंह राव उर्फ अनुराग राव और महेश प्रताप सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। परिजनों की समझाइश के प्रयास जारी हैं।मारपीट का वायरल वीडियो-

https://arlivenews.com/wp-content/uploads/2026/07/udaipur-murder-case-accused-arrest-jain-community-protest-uda-illegal-construction-demolish-1.mp4

इधर यूडीए से प्राप्त जानकारी के अनुसार यूडीए टीम ने भी मौके पर पहुंचकर नियम विरूद्ध हुए निर्माण को ध्वस्त करने की कार्रवाई की। मुआवजे की मांग को लेकर आक्रोशित जैन समाज अभी भी धरने पर बैठा हुआ है और जिससे पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी परिजन और समाज के लोगों की समझाइश में जुटे हैं।

कोर्ट कमिश्नर के मौका-मुआयना कर लौटने के बाद हुआ विवाद

परिजनों के अनुसार अदालत द्वारा नियुक्त कोर्ट कमिश्नर मंगलवार को मौके का निरीक्षण करने पहुंचे थे। निरीक्षण के दौरान दोनों पक्ष मौजूद थे। आरोप है कि कोर्ट कमिश्नर के लौटने के बाद आरोपी पक्ष ने सागरमल मेहता के साथ मारपीट की, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।देखें यूडीए की कार्यवाही का वीडियो-

https://arlivenews.com/wp-content/uploads/2026/07/udaipur-murder-case-accused-arrest-jain-community-protest-uda-illegal-construction-demolish.mp4

यह है पूरा विवाद

मृतक सागरमल मेहता के पुत्र राहुल मेहता के अनुसार ओस्तवाल नगर में उनके घर के पास मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। यह निर्माणाधीन मकान कैलाश कुंवर के नाम से है, कैलाश कुंवर के दामाद हैं वकील प्रवीण आसोलिया। यूडीए की परमीशन से विपरीत मकान का निर्माण किया जा रहा था और सेटबैंक नियमों का भी उल्लंघन किया जा रहा था। इसको लेकर पिताजी सागरमल मेहता ने विभिन्न स्तरों पर शिकायत की, लेकिन कहीं कोई सुनवायी नहीं हुई। इसके बाद मामला कोर्ट में पहुंच गया।

मृतक के पुत्र ने बताया कि कोर्ट ने सेटबैक को लेकर मामले में सुनवायी करते हुए इस पर स्टे दे दिया था। लेकिन इसके बावजूद आरोपी पक्ष निर्माण किए जा रहा था। बार-बार शिकायत करने पर भी मौके पर स्टे होने के बावजूद काम नहीं रूकवाया। कोर्ट ने कमिश्नर नियुक्त किया। मौके की रिपोर्ट बनाने के लिए मंगलवार को कोर्ट कमिश्नर मौके पर आए थे। इसी दौरान प्रवीण आसोलिया, अनुराग राव सहित अन्य लोग भी आए। पड़ोस में रह रहे सागरमल मेहता भी मौके पर थे। कोर्ट कमिश्नर के जाने के बाद प्रवीण आसोलिया और अनुराग ने सागरमल मेहता के साथ मारपीट की।

पुलिस में फर्जी रिपोर्ट कराने पहुंचे, लेकिन बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही फरार हो गए

जानकारी के अनुसार सागरमल मेहता के गंभीर घायल होने पर परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
इधर वकील प्रवीण सिंह आसोलिया खुद को बचाने के लिए कुछ अन्य वकीलों के साथ थाने पहुंच गया और पुलिस में सागरमल मेहता व उनके परिवार के खिलाफ मारपीट की फर्जी रिपोर्ट दी। हालां कि जैसे ही आरोपियों को सागरमल मेहता की मौत होने की खबर मिली तो ये फरार हो गए।

इधर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश की और देर रात सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

मृतक सागरमल मेहता के पुत्र व परिजनों ने कहा इस पूरे मामले में यूडीए शुरू से ही कटघरे में है। यूडीए वाले अब मौके पर आकर आरोपियों का नियम विरूद्ध निर्माण तोड़ रहे हैं, अगर ये पहले आकर कार्रवाई कर देते तो शायद आज सागरमल मेहता जिंदा होते और यह विवाद नहीं होता।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

Exit mobile version