Site iconSite icon AR Live News

पैंथर के नाखून काटे, आरोपी गिरफ्तार, 9 नाखून बरामद, वन्यजीव अंगों की तस्करी का संदेह

Udaipur Panther Claws nail SmugglingUdaipur Panther Claws nail Smuggling

उदयपुर,एआर लाइव न्यूज। उदयपुर जिले के नयागांव उपखंड क्षेत्र के चटोल गांव में वन्यजीव अंगों की तस्करी से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। तस्करी के लिए मृत पैंथर के नाखून काटने के आरोप में वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। विभाग ने आरोपी के कब्जे से पैंथर के नौ नाखून और नाखून काटने में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद की है। | Udaipur Panther Claws nail Smuggling

उप वन संरक्षक मुकेश सैनी ने बताया कि नयागांव उपखंड के चटोल गांव निवासी अर्जुनलाल पुत्र वेला सिंह गरासिया को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के घर की तलाशी के दौरान मृत पैंथर के नौ नाखून और एक कुल्हाड़ी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने कुल्हाड़ी से मृत पैंथर के नाखून काटने की बात स्वीकार की है।

वन विभाग के अनुसार पैंथर की मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा। फिलहाल यह भी जांच की जा रही है कि पैंथर की मौत प्राकृतिक थी या उसका शिकार किया गया था। वन विभाग आरोपी से रिमांड के दौरान इस पूरे नेटवर्क और संभावित वन्यजीव तस्करी के संबंध में पूछताछ करेगा।

गांव में मिला था पैंथर का शव

वन अधिकारियों के मुताबिक शुक्रवार को चटोल गांव में पैंथर का शव मिलने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को खेरवाड़ा पशु चिकित्सालय भेजा गया, जहां मेडिकल टीम ने पोस्टमार्टम किया। पोस्टमार्टम के दौरान पता चला कि पैंथर के नाखून काटे जा चुके थे।

इसके बाद वन्यजीवों के अंगों की तस्करी की आशंका को देखते हुए सहायक वन संरक्षक (ACF) सुरेखा चौधरी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। टीम ने जांच शुरू की और मुखबीर की सूचना पर गांव में दबिश देकर आरोपी अर्जुनलाल गरासिया को गिरफ्तार कर लिया और उसके घर से पैंथर के नौ नाखून बरामद किए।

वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया है। विभाग का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और यदि वन्यजीव तस्करी के किसी बड़े गिरोह से संबंध सामने आते हैं तो आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

कार्रवाई में शामिल रही टीम

इस अभियान में सहायक वन संरक्षक सुरेखा चौधरी के नेतृत्व में क्षेत्रीय वन अधिकारी मोहम्मद फयाज रब्बानी, पन्नालाल, सोहनलाल प्रजापत, सहायक वनपाल बहादुर लाल मीणा तथा वनरक्षक रूपलाल और लाल सिंह ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version