Site iconSite icon AR Live News

स्लीपर बस ट्रक से टकरायी, 7 यात्रियों की मौत, 27 घायल: बांसवाड़ा से सूरत जा रही थी बस

banswara-surat-sleeper-bus-accident-7-died-27-injured in Vadodara gujaratbanswara-surat-sleeper-bus-accident-7-died-27-injured in Vadodara gujarat

वडोदरा,एआर लाइव न्यूज। गुजरात के वडोदरा शहर में आज बुधवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में राजस्थान के डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिलों के 7 लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 यात्री घायल हो गए। मृतकों में एक एक बच्ची और बस चालक भी शामिल हैं। हादसा उस समय हुआ जब बांसवाड़ा से सूरत जा रही एक निजी स्लीपर बस सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। banswara-surat-sleeper-bus-accident |

जानकारी के अनुसार, बांसवाड़ा से सूरत (गुजरात) जा रही बालाजी ट्रैवल्स की स्लीपर बस बुधवार सुबह करीब 4 बजे वडोदरा के कोटंबी स्टेडियम के पास पहुंची थी। इसी दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे, जिससे कई लोग बस के भीतर फंस गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और वडोदरा अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। एनडीआरएफ के अनुसार, सुबह 4:40 बजे कंट्रोल रूम को हादसे की सूचना मिली थी। बचाव दल ने कटिंग मशीनों और आधुनिक उपकरणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही को संभावित कारण माना जा रहा है, हालांकि अधिकारियों ने कहा है कि सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।

हादसे की सूचना मिलते ही डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिले में शोक का माहौल बन गया। मृतकों और घायलों के परिजन अपने रिश्तेदारों की जानकारी जुटाने में लगे रहे, जबकि कई परिवार तत्काल वडोदरा के लिए रवाना हो गए। इस हादसे ने राजस्थान के आदिवासी अंचल में गहरा दुख और चिंता पैदा कर दी है।

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version