फर्जी बिलिंग एवं अवैध आईटीसी के जरिए की जीएसटी चोरी का खुलासा: वाणिज्यिक कर विभाग की बड़ी कार्रवाई
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। वाणिज्यिक कर विभाग की प्रवर्तन शाखा-प्रथम ने जीएसटी चोरी एवं फर्जी बिल प्रकरणों में बोगस फर्मों के लेन-देन की सघन जांच कर जयपुर के मुरलीपुरा निवासी नितेश कुमार सिंघल को जीएसटी चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी नितेश कुमार सिंघल (37) पुत्र अशोक कुमार सिंघल द्वारा स्वयं के स्वामित्व में स्थापित फर्म मैसर्स जयपुर ट्रेडर्स का संचालन किया जा रहा था। | jaipur news | GST Evasion of rs 13.46 Crore businessman Nitesh Singhal Arrested in jaipur |
आरोपी द्वारा योजनाबद्ध तरीके से जयपुर स्थित विभिन्न फर्मों के माध्यम से फर्जी बिलिंग एवं अवैध इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का लाभ लेते हुए लगभग 13.46 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी की गई। प्रवर्तन शाखा-प्रथम द्वारा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करते हुए आरोपी को वस्तु एवं सेवाकर अधिनियम 2017 की धारा 69 के तहत गिरफ्तार किया गया। आरोपी को विशेष न्यायालय (आर्थिक अपराध), जयपुर में प्रस्तुत किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
प्रकरण में अन्य संबंधित व्यक्तियों एवं फर्मों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। यह संपूर्ण कार्रवाई वाणिज्य कर विभाग की प्रवर्तन शाखा प्रथम की संयुक्त आयुक्त डॉ.मीनाक्षी अग्रवाल के निर्देशन में सहायक आयुक्त दिनेश कुमार सोनी, मनोज कुमार गोरा, राज्य कर अधिकारी हिमांशु लोदी एवं विक्रमादित्य चौहान की टीम द्वारा संपादित की गई।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

