एआर लाइव न्यूज। कोटपुतली-बहरोड़ जिले के नीमराणा क्षेत्र में मोहलड़िया गांव स्थित कबाड़ गोदाम में शुक्रवार रात भीषण आग लग गयी। हादसे में 4 लोगों की मौत हो गयी है, जिनमें एक सात वर्षीय बच्ची भी है। आग इतनी भीषण थी कि कबाड़ गोदाम में मौजूद लोगों को निकलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना पर पुलिस और फायरबिग्रेड मौके पर पहुंची। फायरब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, इसके बाद पुलिस जब गोदाम के अंदर गयी तो चार लोगों के जले हुए शव बरामद हुए हैं। behror fire four died in Scrap Warehouse fire in neemrana Kotputli-Behror
जिला एसपी सतवीर सिंह ने बताया कि कबाड़ गोदाम से चारों लोगों के शव बरामद किए गए हैं। मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। गोदाम में काम करने वाले अन्य मजदूरों और कर्मचारियों से पूछताछ कर पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। मौके पर एफएसएल टीम ने भी सैंपल कलेक्ट किए हैं।
धुएं का गुबार देख लोग दहशत में आए : पिकअप वाहन भी जला
स्थानीय लोगों ने बताया कि कबाड़ गोदाम में आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ मिनट में ही पूरे गोदाम को चपेट में ले लिया। गोदाम में काम कर रहे लोगों को भी बाहर निकलने का मौका नहीं मिला और वे आग से घिर गए। आग इतनी भीषण थी कि काफी दूर तक धुएं का गुबार दिखायी दे रहा था। जब तक आग पर काबू पाया जा सका, गोदाम में रखा सारा सामान जलकर खाक हो चुका था। गोदाम में एक पिकअप गाड़ी भी खड़ी थी, वह भी आग की चपेट में आने से जलकर खाक हो गयी।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

