2 अप्रेल को गोगुंदा में दूध व्यवसायी पर हुआ था जानलेवा हमला : पुलिस जांच भटकाने के लिए बदमाशों ने वारदात को लूट के लिए हमले का मामला दिखाने का किया था प्रयास
उदयपुर/गोगुंदा,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर की गोगुंदा थाना पुलिस ने पिछले दिनों दूध व्यवसायी शंकरलाल पालीवाल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य दो आरोपियों को धरदबोचा है। वारदात के दिन जब पीड़ित ने घटनाक्रम बताया तो प्रथमदृष्ट्या यह मामला लूट के लिए हत्या का प्रयास का लग रहा था, लेकिन पुलिस ने जब कड़ी से कड़ी मिलाकर मामले का खुलासा किया तो यह सुपारी किलिंग का मामला निकाला, जिसमें दूध व्यवसायी लक्ष्मण सिंह ने गांव में व्यावसायिक प्रतिद्वंद्वी शंकरलाल की हत्या करवाने एक लाख रूपए की सुपारी दी थी। |Udaipur crime news | udaipur police | Contract killing | udaipur news | udaipur news latest | udaipur news crime | crime in udaipur |
एसपी डॉ. अमृता दुहन ने बताया कि गोगुंदा के वणी गांव निवासी 65 वर्षीय शंकरलाल पालीवाल पर जानलेवा हमला करने और उनकी हत्या की सुपारी देने के आरोप में मुख्य आरोपी वणी गांव निवासी लक्ष्मण सिंह पिता नाहर सिंह, सुखेर के रामा गांव निवासी टीकमचंद पुत्र मनोहर लाल को गिरफ्तार किया है। वहीं बदमाश रामा गांव निवासी मनीष गमेती पुत्र कालु, खमनोर, राजसमंद निवासी विरेन्द्र सिंह उर्फ विजु पुत्र पन सिंह और गोगुंदा का वणी निवासी मनोहर सिंह पुत्र गणेश सिंह की तलाश की जा रही है।
पीड़ित शंकरलाल और मुख्य आरोपी लक्ष्मण सिंह दोनों एक ही गावं के रहने वाले हैं और दोनों ही दूध का व्यवसाय करते हैं। मुख्य आरोपी लक्ष्मण सिंह ने व्यावसायिक प्रतिद्वंद्विता के चलते शंकरलाल पालीवाल की हत्या के लिए मनोहर सिंह के जरिए अन्य आरोपियों को हत्या की 1 लाख रूपए में सुपारी दी थी। इस वारदात के खुलासे में थानाधिकारी श्याम सिंह, फैलीराम के नेतृत्व में कांस्टेबल भुपेन्द्र सिंह, प्रदीप कुमार, सत्यनारायण, राजेन्द्र और विरेन्द्र की विशेष भूमिका रही है।
शंकरलाल के ज्यादा ग्राहक थे, इसलिए लक्ष्मण सिंह उससे जलता था
शंकरलाल पिछले कई वर्षों से दूध व्यवसायी है, जबकि लक्ष्मण सिंह पहले मुंबई में काम करता था, वहां काम नहीं चला तो उसने गांव आकर दूध का व्यवसाय शुरू किया। गांव में शंकरलाल पालीवाल के ग्राहक लक्ष्मण सिंह से काफी ज्यादा थे और शंकर का व्यवसाय अच्छा चल रहा था। इस बात को लेकर लक्ष्मण सिंह शंकरलाल से ईर्ष्या रखता था। शंकरलाल को खत्म कर वह गांव में अकेला दूध व्यवसायी बनाना चाहता था। लक्ष्मण सिंह ने शंकरलाल को मारने की योजना बनाई और गांव के परिचित मनोहर सिंह जो मुंबई में व्यवसाय करता है, उससे संपर्क किया और 1 लाख रूपए में हत्या की सुपारी दी।
मनोहर सिंह ने उसके परिचित रामा गांव के मनीष को शंकरलाल पालीवाल की हत्या करने की सुपारी दी। मनीष ने वारदात को अंजाम देने के लिए वीरेन्द्र और और टीकम सिंह को षडयंत्र में शामिल किया। मनीष, टीकम सिंह और वीरेन्द्र तीनों मनोहर सिंह के बताए अनुसार 2 अप्रेल को गोगुंदा पहुंचे। गोगुंदा में तीनों आरोपी लक्ष्मण सिंह से मिले। लक्ष्मण सिंह ने तीनों बदमाशों को शंकरलाल के आने-जाने का समय बताया और रास्ता दिखाकर चला गया। | udaipur gogunda police
बदमाशों ने मरा समझ छोड़ दिया था, तब बुरी तरह से लहुलुहान हालत में शंकरलाल खुद बाइक चला घर पहुंचे थे
तीनों आरोपी रास्ते में एकांत जगह देखकर वहां शंकरलाल का इंतजार करने लगे और जैसे ही शंकरलाल आते दिखे तीनों ने उनका रास्ता रोक उन पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हमला कर दिया। वारदात को लूट का प्रयास देने के लिए बदमाशों ने शंकरलाल को घेरकर कहा जो भी रूपए और मोबाइल हैं दे दे, वरना मार देंगे। शंकरलाल ने बदमाशों का सामना किया, लेकिन हाथ, पैर और पीठ में चाकू लगने के बाद शंकरलाल निढाल होकर गिर गए। शंकरलाल की पीठ में चाकू घुसा हुआ था। उन्हें मरा हुआ समझ बदमाश मौके से फरार हो गए। लेकिन तब शंकरलाल ने हिम्मत दिखाई और पीठ में घुसे हुए चाकू की की हालत में ही लहुलुहान मदद के लिए घर तक पहुंचे । जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया।
थानाधिकारी श्याम सिंह ने बताया कि घटनाक्रम के बाद जब पड़ताल शुरू की तो टीम ने बदमाशों के संभावित रूट के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज चेक किए। मोबाइल लोकेशन की पड़ताल की और गांव के मुखबीर तंत्र को एक्टिव किया। ह्यूमन इंटेलीजेंस और तकनीकी मदद दोनों के मिलेजुले प्रयास से हम वारदात करने वाले आरोपियों को चिह्नित होने में सफल हुए। आरोपियों की तलाश की तो टीकमचंद पकड़ में आ गया। टीकमचंद से पूछताछ की तो हत्या की सुपारी मिलने के कारण वारदात करने खुलासा हुआ और लक्ष्मण सिंह का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस टीम ने लक्ष्मण सिंह को धरदबोचा।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

