सज्जनगढ़ अभयारण्य से सटी बड़ी पंचायत के उपली बड़ी गांव की घटना
उदयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। उदयपुर शहर में सज्जनगढ़ अभयारण्य से सटी बड़ी पंचायत के उपली बड़ी गांव में शुक्रवार देर रात पैंथर के युवक का शिकार कर उसका पूरा पैर खा जाने का मामला सामने आया है। युवक फार्म हाउस में चौकीदार था। पैंथर के मानव शिकार करने की सूचना से गांव में दहशत का माहौल है। मृतक की गर्दन पर मिले कैनाइन (दांत) के निशान और मौके पर मिले साक्ष्यों के आधार पर इसे प्रथमदृष्ट्या पैंथर का शिकार माना जा रहा है, सूचना पर निवर्तमान सरपंच एवं प्रशासक मदन पंडित, बड़गांव थानाधिकारी किताब देवी सहित वन अधिकारी और वनकर्मी मौके पर पहुंचे। शव को मोरचरी रखवाया गया है। Udaipur: Panther kills watchman in upli badi village badi udaipur near sajjangarh sanctuary
डीएफओ अजय चित्तौड़ा ने बताया कि प्रथम दृष्ट्या ये लेपर्ड (पैंथर) द्वारा शिकार करना लग रहा है, युवक की गर्दन पर दांतों के निशान है, हालांकि पूरी स्थिति पोस्टमार्टम के बाद ही स्पष्ट होगी। चूंकि यह सज्जनगढ़ अभयारण्य के पीछे दो किलोमीटर दूर की घटना है, तो संभवत वहां से कोई पैंथर माइग्रेट होकर इस तरफ आ गया होगा। सभी संभावित स्थानों पर पिंजरा लगाया है। उक्त लेपर्ड को पकड़ने के लिए वनकर्मियों की टीम लगातार सर्च कर रही है।
फार्म हाउस परिसर में सो रहा था युवक
बड़ी पंचायत के निवर्तमान सरपंच एवं प्रशासक मदन पंडित ने बताया कि पैंथर हमले में उपली बड़ी निवासी बबलू गमेती पुत्र रूपलाल गमेती की मौत हुई है। बबलू गमेती उपली बड़ी के पास एक फार्म हाउस में चौकीदार था, रात को वह फार्महाउस के खुले परिसर में सो रहा था। तभी पैंथर ने हमला किया। पैंथर बबलू का शिकार कर उसे घसीटता हुआ करीब 100 मीटर दूर झाड़ियों में ले गया और वहां उसका पूरा एक पैर खा गया। यह घटना रात 1 बजे के बाद की हो सकती है। क्षेत्र में पिछले काफी समय से पैंथर का मूवमेंट था। इस घटना के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। पैंथर ने युवक को मार उसका पैर खाया है, ऐसे में यह ग्रामीणों के लिए खतरा बन गया है।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

