उदयपुर, जोधपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर, अलवर, भीलवाड़ा को भी मिलेंगी ई-बसें
जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। जयपुर में गुरुवार को ई-बसों का ट्रायल शुरू हो गया। राजस्थान में पीएम ई-बस सेवा के तहत प्रदेश के 8 प्रमुख शहरों जयपुर,उदयपुर, जोधपुर, कोटा,बीकानेर, भीलवाड़ा, अलवर व अजमेर में कुल 675 इलेक्ट्रिक बसों के संचालन को स्वीकृति प्रदान की गई है। जयपुर को 150, जोधपुर को 100, अजमेर को 100, कोटा को 100, बीकानेर को 75, अलवर को 50, भीलवाड़ा को 50 तथा उदयपुर को 50 ई-बसें मिलेंगी। इन बसों के संचालन से राज्य में प्रदूषण नियंत्रण, ईंधन बचत एवं शहरी यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने में मदद मिलेगी। PM e-Bus Service: e-bus Trial run starts in Jaipur. udaipur, jodhpur, ajmer, bhilwara, kota, bikaner and alwar also get e buses
जयपुर में प्रथम चरण में प्राप्त होने वाली 150 ई-बसों के नियमित संचालन से पूर्व गुरुवार को 9 मीटर एवं 12 मीटर श्रेणी की बसों का ट्रायल प्रारंभ किया गया है, जो 28 फरवरी 2026 तक जारी रहेगा। ट्रायल के लिए बस में मिट्टी से भरे कनस्तर एवं थैले रखे गए हैं। ट्रायल के दौरान जेसीटीएसएल के प्रबंध निदेशक नारायण सिंह, मुख्य वित्तीय अधिकारी पंकज कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञ एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे ।
आधुनिक सुविधाओं से बेहतर बनेगा सफर
9 मीटर ई-बस की बैठक क्षमता 25 यात्रियों, एक व्हीलचेयर एवं चालक सहित है, जबकि 12 मीटर ई-बस में 31 यात्रियों, एक व्हीलचेयर एवं चालक के बैठने की व्यवस्था है। ये बसें दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाओं से सुसज्जित हैं। बसों में पैनिक बटन, पैसेन्जर डिस्पले बोर्ड, स्पीकर, ड्राईवर डिस्पले बोर्ड, सीसीटीवी कैमरा, ऑटोमैटिक पेसेन्जर काउन्ट कैमरा आदि सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं । संचालन हेतु आवश्यक चार्जिंग अवसंरचना का निर्माण सफल संवेदक द्वारा निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप कराया जाएगा।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।
रोचक वीडियोज के लिए एआर लाइव न्यूज के https://www.youtube.com/@arlivenews3488/featured यू-ट्यूब चैनल को सब्सक्राइब करें

