जयपुर/कोटा,(एआर लाइव न्यूज)। प्रदेश में चाइनीज मांझे को पूरी तरह निषेध करने के बावजूद पंतगबाजी में इसका खुलकर उपयोग किया गया, इसी का परिणाम रहा कि जयपुर और कोटा में चाइनीज मांझे से गर्दन कटने से दो मासूम बालकों की मौत हो गयी। कोटा में धीर (7) पुत्र हेमंत सुवालका और जयपुर में धीर (6) पुत्र हितेश सांगानेरिया की मौत हुई है। कोटा में परिजनों ने हॉस्पिटल के नाईट ड्यूटी स्टाफ पर भी आरोप लगाया है। two boy died due to chinese manjha in kota and jaipur
जानकारी के अनुसार मुंबई निवासी धीर 9 जनवरी को ही माता-पिता के साथ मकर संक्रांति मनाने जयपुर आया था। वह राजापार्क में था, तभी चाइनीज मांझे से उसकी गर्दन पर 3 इंच गहरा कट लग गया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, तो वहां से उसे एसएमएस रैफर किया गया, परिजन एसएमएस हॉस्पिटल लेकर गए, तब तक अत्यधिक रक्तस्त्राव के कारण उसकी मौत हो गयी।
माता-पिता के साथ बाइक पर बैठा था कोटा का मासूम
कोटा में यह हादसा कुन्हाड़ी इलाके के फ्लाईओवर पर हुई। धीर अपने पिता हेमंत सुवालका व मां बीना के साथ बाइक पर सवार होकर कुन्हाड़ी से नयापुरा की तरफ जा रहा था। महाराणा प्रताप फ्लाईओवर पर कट कर जा रही पतंग का मांझा अचानक धीर की गर्दन में फंस गया। इस मांझे को कोई व्यक्ति खींच रहा था, इससे धीर की गर्दन पर तीन इंच का गहरा घाव बन गया और उसकी श्वास नली तक कट गयी।
धीर को गंभीर हालत में परिजन एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे। चिकित्कसें ने उसका ऑपरेशन शुरू किया। ऑपरेशन के बाद आईसीयू में भर्ती धीर गुरुवार को दम तोड़ दिया है। धीर के परिजनों ने बुधवार रात नाईट शिफ्ट में रहे हॉस्पिटल स्टाफ और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया हैं। उन्होंने कहा बच्चे का ऑपरेशन ठीक हो गया था, उसकी हालत स्थिर थी। आज तड़के गले में खून का थक्का जमने से बच्चे को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। परिजन दौड़ते हुए नर्सिंग स्टाफ के पास आए तो उन्होंने डॉक्टर के पास जाने को कहा। डॉक्टर के पास गए तो उन्होंने सर्जरी के डॉक्टर के लिए कहा। परिजन चिकित्सकों के लिए इधर से उधर दौड़ते रहे, तब तक बच्चे ने दम तोड़ दिया।
डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

