Site iconSite icon AR Live News

प्रवासी राजस्थानी दिवस 2025 का उद्घाटन : प्रवासी राजस्थानियों का वैश्विक महाकुंभ बना जयपुर

rajasthan government inaugurated Non Resident Rajasthani day 2025 on 10 december 9 NRR honoured with Non Resident Rajasthani sammanrajasthan government inaugurated Non Resident Rajasthani day 2025 on 10 december 9 NRR honoured with Non Resident Rajasthani samman

जयपुर,(एआर लाइव न्यूज)। प्रदेश के पहले प्रवासी राजस्थानी दिवस-2025 का बुधवार को जयपुर के जेईसीसी सभागार में उद्घाटन हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विश्वभर से आए प्रवासी राजस्थानियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल एक समारोह नहीं, बल्कि राजस्थान की संस्कृति, परंपरा और वैश्विक पहचान का मिलन है। प्रवासी राजस्थानियों ने देश-दुनिया में राजस्थान का गौरव बढ़ाया है। उनके योगदान और सम्मान के उत्सव के रूप में हमने हर वर्ष 10 दिसंबर को प्रवासी राजस्थानी दिवस मनाने की घोषणा की थी। इस वादे को पूरा करते हुए आज पहली बार प्रवासी राजस्थानी दिवस का भव्य आयोजन किया गया है। rajasthan government inaugurated Non Resident Rajasthani day 2025 on 10 december 9 NRR honoured with Non Resident Rajasthani samman

कार्यक्रम में देश-विदेश में विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने पर प्रवासी राजस्थानियों अनिल अग्रवाल, कुमार मंगलम बिड़ला, विनीत मित्तल, अजय पीरामल, माधव सिंघानिया, पूनमचंद राठी, नरसी कुलरिया, सीएम मूंदड़ा और प्रदीप राठौड़ को “प्रवासी राजस्थानी सम्मान” से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, केन्द्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव, केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री सीआर पाटिल, केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल और टाटा पावर के सीईओ और एमडी प्रवीर सिन्हा सहित कई नामी उद्योगपति, देश-विदेश से आए प्रवासी राजस्थानी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने प्रवासी राजस्थानियों का आह्वान किया कि वे मातृभूमि का कर्ज चुकाने यहां अधिक से अधिक निवेश करें। उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों ने राजस्थान के सामाजिक-आर्थिक ढांचे को मजबूत करने में सदा मदद की है। प्रवासी राजस्थानी प्रदेश में आएं, यहां उन्हें मानव शक्ति और जमीन आदि सभी सुविधाएं समयबद्ध प्रदान की जाएंगी। उन्होंने कहा कि राजस्थान अब सूखा क्षेत्र नहीं है। यह हरा भरा क्षेत्र है।

केंद्रीय उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा राजस्थान की सबसे बड़ी ताकत इसकी डेमोग्राफिक डिविडेंड यानी विशाल युवा शक्ति है, जिनके दम पर राज्य तेजी से प्रगति की ओर बढ़ रहा है। वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट के माध्यम से राजस्थान की हस्तकला और स्थानीय उत्पादों को वैश्विक स्तर पर पहचान दी जा रही है।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेश और प्रवासी समुदाय के जुड़ाव को मजबूत करने के उद्देश्य से राजस्थान फाउंडेशन के 14 नए चैप्टर स्थापित करने की घोषणा की। इनमें से 9 विदेशों और 5 देश के विभिन्न राज्यों में स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने अगले वर्ष फिर से राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के आयोजन की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि प्रवासी राजस्थानियों के हितों के लिए नए विभाग का गठन भी किया गया है। प्रवासी राजस्थानी नीति आज जारी की गई है, जो विश्वभर में बसे राजस्थानियों को पहचान, सुविधा और निवेश के लिए रोडमैप प्रदान करेगी।

वेदांता ग्रुप के चेयरमैन अनिल अग्रवाल ने कहा कि आज राजस्थान विकास की उस गति से आगे बढ़ रहा है कि जयपुर और दिल्ली के बीच अब कोई अंतर शेष नहीं रहा। उन्होंने धरती के नीचे छिपी राजस्थान की अनंत संपदाओं का विशेष उल्लेख करते हुए कहा कि हिंदुस्तान जिंक और केयर्न एनर्जी जैसे उद्योगों ने न केवल चांदी, तेल, गैस और खनिज संपदा की अपार क्षमता को उजागर किया है, बल्कि लाखों लोगों को रोजगार भी दिया है। उन्होंने राजस्थान में देश का सबसे बड़ा फर्टिलाइजर प्लांट लगाने का वादा करते हुए कहा कि इससे प्रदेश के कृषि क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन आएगा और पीले से हरे राजस्थान के निर्माण का सपना साकार होगा।

टाटा पावर के सीईओ एवं एमडी प्रवीर सिन्हा ने कहा कि राजस्थान की धरती में सौर और पवन ऊर्जा उत्पादन की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में 800 गीगावाट सौर और 200 गीगावाट पवन ऊर्जा उत्पादन की क्षमता मौजूद है, जिसे सही दिशा में विकसित किया जाए तो राजस्थान स्वच्छ ऊर्जा का “सोना” पैदा कर पूरे देश को ऊर्जा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक ले जा सकता है।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ प्रेमचंद बैरवा, राज्य मंत्रिपरिषद के सदस्य, सांसद मदन राठौड़ सहित जनप्रतिनिधिगण, वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि, निवेशक और विभिन्न देशों से आए प्रवासी राजस्थानी उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें : वेदांता ग्रुप के चेयरमैन ने कहा करेंगे 1 लाख करोड़ रूपए के निवेश से उत्पादन दोगुना करेंगे

डिसक्लेमर: एआर लाइव न्यूज (AR Live News) से मिलते-जुलते नामों से रहें सावधान, उनका एआर लाइव न्यूज से कोई संबंध नहीं है। एआर लाइव न्यूज के संबंध में कोई भी बात करने के लिए पत्रकार लकी जैन (9887071584) और पत्रकार देवेन्द्र शर्मा (9672982063) ही अधिकृत हैं।

Exit mobile version